img

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में बुधवार देर रात ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाकर 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। इस सटीक कार्रवाई में कई आतंकी ढांचे तबाह हो गए हैं और दर्जनों आतंकियों के मारे जाने की खबर है। सूत्रों के मुताबिक, मारे गए आतंकियों में मसूद अज़हर के करीबी और परिवार के 14 सदस्य भी शामिल हैं।

पाकिस्तान ने नरम रुख अपनाया

भारतीय सेना की इस कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने नरम रुख अपनाया है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ ने एक पाकिस्तानी टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा, “अगर भारत हमलों को रोक देता है, तो हम भी किसी तरह की जवाबी कार्रवाई नहीं करेंगे।” उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की ओर से भारत के खिलाफ किसी भी तरह की आक्रामक पहल नहीं की जा रही है, बल्कि देश अपनी सीमाओं की सुरक्षा कर रहा है।

भारत के खिलाफ कोई सैन्य कार्रवाई शुरू नहीं करेगा

एक अन्य इंटरव्यू में ब्लूमबर्ग से बात करते हुए ख्वाजा आसिफ ने कहा कि पाकिस्तान बीते दो हफ्तों से साफ कर चुका है कि वह भारत के खिलाफ कोई सैन्य कार्रवाई शुरू नहीं करेगा। लेकिन अगर भारत हमला करता है, तो पाकिस्तान भी जवाब देने के लिए मजबूर होगा।

चीन की भी प्रतिक्रिया सामने आई है

इस पूरे घटनाक्रम पर चीन की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि भारत द्वारा की गई सैन्य कार्रवाई को वह “दुखद” मानता है और इस तरह के हालात को लेकर वह चिंतित है। चीन ने भारत और पाकिस्तान दोनों से संयम बरतने की अपील की है। प्रवक्ता ने कहा कि दोनों देश चीन के भी पड़ोसी हैं और क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखना ज़रूरी है। चीन ने सभी पक्षों से आग्रह किया है कि वे हालात को और ना बिगाड़ें और बातचीत के जरिए समाधान निकालें। भारत की कार्रवाई के बाद क्षेत्रीय तनाव बढ़ा है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय समुदाय शांति की उम्मीद कर रहा है।