Up Kiran, Digital Desk: बिहार चुनाव से पहले NDA की रणनीति पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा की नाराजगी अब खुलकर सामने आ चुकी है। उन्हें दिल्ली तलब किया गया है, जहां वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। वहीं, पटना में पार्टी नेताओं के साथ आज होने वाली मीटिंग अब टाल दी गई है।
कुशवाहा ने रवाना होने से पहले साफ कहा, "मैं दिल्ली जा रहा हूँ। एनडीए में जो फैसले हो रहे हैं, उन पर बातचीत ज़रूरी है। मुझे उम्मीद है, हालात सुधरेंगे।"
महुआ सीट बना टकराव की जड़, कुशवाहा ने जताई नाखुशी
सबसे बड़ा विवाद महुआ सीट को लेकर सामने आया है। पहले यह सीट उपेंद्र कुशवाहा के खाते में मानी जा रही थी। लेकिन अब इसे चिराग पासवान की पार्टी, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), को देने की अटकलें हैं। इस बात से कुशवाहा खफा हैं।
सूत्रों की मानें तो उपेंद्र कुशवाहा अपने बेटे दीपक प्रकाश कुशवाहा को इसी सीट से मैदान में उतारना चाहते हैं। वे अपने समर्थकों के साथ इसपर मंथन भी कर चुके हैं।
आधी रात की बैठक: नतीजा शून्य, गठबंधन में गहराया संकट
बीती रात भाजपा नेताओं की कुशवाहा के घर पर एक गुप्त बैठक हुई। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, नित्यानंद राय, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और नितिन नवीन वहां मौजूद थे। बैठक करीब 2 बजे तक चली लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकला।
बैठक के बाद न तो भाजपा नेताओं ने कोई बयान दिया, और न ही कुशवाहा ने स्थिति को पूरी तरह स्पष्ट किया। लेकिन उन्होंने यह जरूर कहा – "NDA में सब कुछ ठीक नहीं है।"
चिराग पासवान ने बांटे टिकट, कुशवाहा को नजरअंदाज?
जहां एक ओर कुशवाहा दिल्ली बुलाए गए हैं, वहीं दूसरी ओर चिराग पासवान ने अपनी पार्टी के उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह देना शुरू कर दिया है।
LJP (रामविलास) के घोषित उम्मीदवार:
हुलास पांडे – ब्रह्मपुर
राजू तिवारी – गोविंदगंज
संजय पासवान – बखरी
सीमांत मृणाल – गरखा
इन नामों की घोषणा से साफ है कि पासवान अपना चुनावी मोर्चा खोल चुके हैं और गठबंधन के अंदर अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।
NDA में बढ़ती खींचतान, आगे क्या?
अब सवाल ये है कि क्या उपेंद्र कुशवाहा अपने बेटे को टिकट दिला पाएंगे? क्या अमित शाह की मीटिंग से हालात सुधरेंगे? या NDA में टूट की शुरुआत हो चुकी है?
चुनाव नजदीक है, और अब हर कदम बिहार की राजनीति की दिशा तय करेगा।




