img

हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार के निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री अभी उबर भी नहीं पाई थी कि अब कन्नड़ सिनेमा से एक और दुखद समाचार सामने आया है। कन्नड़ फिल्मों के प्रतिष्ठित अभिनेता और लोकप्रिय कॉमेडियन बैंक जनार्दन का 77 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने रविवार को बेंगलुरु के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली।

बुजुर्ग अवस्था की स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे

जनार्दन लंबे समय से उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं से परेशान थे। उन्हें बेंगलुरु के मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उनकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ। उनके निधन पर सिनेमा और राजनीतिक जगत के कई प्रमुख हस्तियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

2023 में पड़ा था दिल का दौरा

जनार्दन को वर्ष 2023 में दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद से उनकी तबीयत धीरे-धीरे बिगड़ती चली गई। शुरुआत में वह इलाज के बाद थोड़े समय के लिए ठीक हो गए थे, लेकिन उनकी सेहत में फिर गिरावट आती गई और अंतत: उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

500 से ज्यादा फिल्मों और सीरीज में किया काम

बैंक जनार्दन का करियर चार दशकों से भी अधिक लंबा रहा। उन्होंने 500 से ज्यादा कन्नड़ फिल्मों और टीवी सीरीज में अभिनय किया। उन्होंने मुख्य रूप से हास्य और सहायक भूमिकाएं निभाईं। उनके सहज और भावुक अभिनय ने उन्हें दर्शकों के बीच बेहद प्रिय बना दिया।

जनार्दन का सफर थिएटर से शुरू हुआ था, लेकिन अभिनय में करियर बनाने से पहले वह एक बैंक में भी काम करते थे। इसी वजह से उन्हें ‘बैंक जनार्दन’ नाम से पहचाना गया। शाह, तारले नान मागा, बेलिअप्पा बंगरप्पा जैसी लोकप्रिय फिल्मों में उनकी भूमिकाएं आज भी याद की जाती हैं।

एक सादगीपूर्ण कलाकार की विदाई

जनार्दन सिर्फ एक अभिनेता नहीं थे, बल्कि वे कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के एक भरोसेमंद और विनम्र चेहरा भी थे। उन्होंने अपने अभिनय के माध्यम से दर्शकों को न केवल हंसाया, बल्कि जीवन के विभिन्न पहलुओं को पर्दे पर जीवंत किया। उनका जाना सिनेमा जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।