img

Up Kiran Digital Desk:  पड़ोसी देश नेपाल घूमने का झांसा देकर एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का घिनौना मामला सामने आया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की मानव तस्करी रोधक इकाई ने मुख्य आरोपी मुन्ना सिंह को अरेस्ट कर लिया है। मुन्ना सिंह (45 वर्ष) वैशाली जिले के कटहरा थाना क्षेत्र के चपही गांव का निवासी है।

बेतिया पुलिस जिले के बलथर थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने रविवार को इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि गौरोल थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी को उसी गांव के विकास कुमार ने नेपाल घुमाने का लालच देकर बुलाया था। किशोरी विकास के साथ ट्रेन से नेपाल के लिए रवाना हुई।

पुलिस के अनुसार, रास्ते में मुन्ना सिंह नाम का व्यक्ति विकास से मिला। इसके बाद विकास ने किशोरी को नेपाल के वीरगंज में मिलने की बात कहकर उसे मुन्ना सिंह के साथ भेज दिया। वीरगंज में मुन्ना सिंह और विकास कुमार दोनों ने मिलकर किशोरी के साथ दुष्कर्म किया।

एसएसबी की मानव तस्करी रोधक इकाई ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुन्ना सिंह को धर दबोचा। पुलिस अब दूसरे आरोपी विकास कुमार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

पीड़ित किशोरी को मेडिकल जांच के बाद पूर्वी चंपारण के बालिका गृह भेज दिया गया है, जहां उसकी देखभाल की जा रही है।

इस शर्मनाक घटना ने एक बार फिर मानव तस्करी और महिलाओं के खिलाफ अपराध के गंभीर मुद्दे को उजागर किया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है कि सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। 
 

--Advertisement--