img

Up Kiran, Digital Desk: करिश्मा कपूर और संजय कपूर का रिश्ता हमेशा से ही सुर्खियों में रहा है। आज जब उनके बच्चे अपनी सौतेली माँ प्रिया सचदेव के खिलाफ अपने पिता की वसीयत में हिस्से के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं, तो करिश्मा का एक पुराना इंटरव्यू फिर से चर्चा में आ गया है। इस इंटरव्यू में करिश्मा ने शादी से पहले संजय कपूर के 'बहुत अमीर आदमी' होने की बात की थी।

ये इंटरव्यू उस समय का है जब करिश्मा की शादी संजय कपूर से होने वाली थी। पत्रकार सुभाष के झा से बात करते हुए करिश्मा ने कहा था, “उनके पास अपना बिजनेस है और अपने पिता का बिजनेस भी है जिसकी उन्हें देखभाल करनी है। मैं भी अपना करियर जारी रखूंगी, लेकिन अब उतना ज्यादा काम नहीं करूंगी।

उन्होंने आगे बताया कि करीब 13 साल तक कड़ी मेहनत करने के बाद अब वह अपनी जिंदगी में एक नए पड़ाव पर जाना चाहती हैं, जहाँ निजी खुशी ज्यादा मायने रखती है।

करिश्मा ने कहा था, "मैं उन हीरोइनों में से नहीं हूँ जो कोई भी फिल्म ले लें। मैं साल में कुछ ही फिल्में करूंगी।" यह बताता है कि उन्होंने शादी के बाद अपने परिवार को प्राथमिकता देने का मन बना लिया था।

क्या है वसीयत का विवाद?

करिश्मा और संजय की शादी 2003 में हुई थी, लेकिन 2016 में वे अलग हो गए। उनके दो बच्चे हैं, समायरा और कियान। आज यही बच्चे अपने पिता संजय कपूर की संपत्ति में हक के लिए दिल्ली हाईकोर्ट में लड़ रहे हैं। उन्होंने अपनी सौतेली माँ प्रिया सचदेव पर आरोप लगाया है कि उन्होंने संजय की वसीयत के साथ छेड़छाड़ की है। 

बच्चों का कहना है कि जो वसीयत दिखाई जा रही है, वह नकली है और उन्हें असली दस्तावेज की कॉपी भी नहीं दी गई है। करिश्मा इस कानूनी लड़ाई में सीधे तौर पर शामिल नहीं हैं, लेकिन वह अपने बच्चों के साथ मजबूती से खड़ी हैं।