img

Up Kiran, Digital Desk: भारतीय क्रिकेट टीम एशिया कप 2025 में दमदार प्रदर्शन के इरादे के साथ गुरुवार को दुबई रवाना हो सकती है। टीम इंडिया इस टूर्नामेंट की जीत की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। पहले मैच में भारत का सामना 10 सितंबर को यूएई से होगा, जबकि 14 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ बड़े मुकाबले की तैयारी होगी। इस टूर्नामेंट में कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा की नजरें भी जीत पर टिकी हैं।

अभिषेक शर्मा: तेज शुरुआत का भरोसा
टी20 अंतरराष्ट्रीय में 2024 में पदार्पण करने वाले अभिषेक शर्मा ने अब तक अपनी बल्लेबाजी से टीम में खास जगह बनाई है। उन्होंने फरवरी में इंग्लैंड के खिलाफ शानदार पारी खेली थी। 17 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 535 रन बनाने वाले अभिषेक का स्ट्राइक रेट 193.84 है। इन मैचों में उन्होंने 2 शतक और 2 अर्धशतक लगाए हैं। उनके बल्ले से कुल 46 चौके और 41 छक्के निकले हैं। उनके आक्रामक अंदाज को देखते हुए टीम उनसे तेज शुरुआत की उम्मीद रखती है।

तिलक वर्मा: तीसरे नंबर पर खतरा
बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा टीम के तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं। वे आते ही बड़े शॉट्स खेलने की क्षमता रखते हैं। 25 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 749 रन बनाने वाले तिलक का स्ट्राइक रेट 155.07 है। उन्होंने 2 शतक और 3 अर्धशतक लगाए हैं। उनके बल्ले से 61 चौके और 43 छक्के निकले हैं। उनकी खासियत यह है कि वे अच्छी गेंदों को सम्मान देते हुए सही समय पर आक्रामक शॉट खेलते हैं। एशिया कप में उनकी भूमिका भारत के लिए निर्णायक साबित हो सकती है।

सूर्यकुमार यादव: मिडिल आर्डर के मजबूत स्तंभ
कप्तान सूर्यकुमार यादव टीम के मिडिल आर्डर को मजबूत करते हैं। अपने चारों दिशाओं में शॉट खेलने की क्षमता के कारण उन्हें ‘मिस्टर 360 डिग्री’ कहा जाता है। उन्होंने 83 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 2598 रन बनाए हैं, उनका स्ट्राइक रेट 167.07 का है। सूर्यकुमार टी20 में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों में तीसरे स्थान पर हैं। उनके नाम 4 शतक और 21 अर्धशतक दर्ज हैं। इसके अलावा उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय में 237 चौके और 146 छक्के जड़े हैं।

टी20 में उनके अनुभव और आक्रामक खेल के कारण टीम इंडिया एशिया कप में खिताब की दावेदारी मजबूत रख सकती है। अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा के सहयोग से सूर्यकुमार यादव की कप्तानी भारत के लिए X-फैक्टर साबित हो सकती है।

 

--Advertisement--