img

ग्लोबल फायरपावर ने साल 2025 के लिए दुनिया के सबसे ताकतवर देशों की बहुप्रतीक्षित फेहरिस्त जारी कर दी है। ये रैंकिंग विभिन्न सैन्य क्षमताओं के आधार पर देशों का आकलन करती है और इस बार की फेहरिस्त में कई दिलचस्प बदलाव देखने को मिले हैं। जहां अमेरिका ने एक बार फिर अपनी बादशाहत कायम रखी है, वहीं भारत ने अपनी मजबूत स्थिति बरकरार रखते हुए चौथा स्थान हासिल किया है। मगर इस बार की फेहरिस्त में जो सबसे बड़ा बदलाव देखने को मिला है, वह यह है कि कभी टॉप टेन में शामिल रहने वाला पाकिस्तान अब इस फेहरिस्त से बाहर हो गया है।

जानें भारत का स्थान कहां

साल 2025 की रैंकिंग में भारत ने अपनी सैन्य ताकत का लोहा मनवाते हुए चौथा स्थान हासिल किया है। भारत को 0.1184 अंक मिले हैं। आंकड़ों के अनुसार, भारत के पास कुल 51,37,550 सैनिक हैं, जिसमें 3,10,575 वायुसेना के जवान और 25,27,000 अर्धसैनिक बल के जवान शामिल हैं। ये विशाल सैन्य बल भारत को एक मजबूत रक्षात्मक क्षमता प्रदान करता है।

इस फेहरिस्त में दक्षिण कोरिया ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए पांचवां स्थान हासिल किया है। उसे 0.1656 अंक मिले हैं। साउथ कोरिया के पास लगभग 38 लाख फौजी हैं। इनमें 65,000 वायुसेना और 70,000 नौसेना के जवान शामिल हैं। दक्षिण कोरिया का यह उछाल उसकी आधुनिक सैन्य तकनीक और मजबूत रक्षा बजट का परिणाम माना जा रहा है।

टॉप थ्री में ये देश

ताकतवर देशों की इस फेहरिस्त में चीन तीसरे स्थान पर कायम है, जिसे 0.0788 अंक मिले हैं। चीन के पास 31,70,000 सैनिकों का विशाल बल है, जिसमें 4,00,000 वायुसेना और 6,25,000 अर्धसैनिक बल के जवान शामिल हैं। वहीं, रूस भी अपनी मजबूत सैन्य शक्ति के साथ दूसरे स्थान पर बना हुआ है, जिसे 0.0788 अंक मिले हैं। रूस के पास कुल 35,70,000 सैनिक हैं, जिनमें 1,65,000 वायुसेना और 1,60,000 नौसेना के जवान हैं। एक बार फिर संयुक्त राज्य अमेरिका ने दुनिया के सबसे ताकतवर मुल्क का खिताब अपने नाम किया है।