img

Up Kiran, Digital Desk: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज यानी गुरुवार को भारत पहुंच रहे हैं। चार साल बाद हो रहा यह दौरा दोनों देशों के रिश्तों को नई ताकत देने वाला माना जा रहा है। लेकिन इस बीच बिहार के पटना में जन्मे रूसी विधायक अभय सिंह ने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया है। अभय सिंह ने सीधे अपील की है कि पुतिन साहब भारत को सबसे आधुनिक S-500 एयर डिफेंस सिस्टम दे दें।

अभय सिंह कुर्स्क क्षेत्र से विधायक हैं और पुतिन की पार्टी यूनाइटेड रशिया के सदस्य हैं। इंडिया टुडे से खास बातचीत में उन्होंने कहा कि S-400 तो बहुत शानदार है। ऑपरेशन सिंदूर में इसने कमाल कर दिखाया। लेकिन S-500 उससे भी आगे की तकनीक है। अभी तक रूस ने इसे किसी दूसरे देश को नहीं दिया। अगर भारत को मिल जाए तो हम दुनिया का पहला देश बन जाएंगे जिसके पास यह सिस्टम होगा। चीन के पास भी नहीं है।

पुतिन का दौरा सिर्फ 28 घंटे का है लेकिन पैकेज भरा हुआ है। आज शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके लिए प्राइवेट डिनर रख रहे हैं। कल शुक्रवार को राजघाट जाएंगे। फिर हैदराबाद हाउस में 23वीं भारत-रूस सालाना समिट होगी। दोपहर में लंच भी मोदी ही होस्ट करेंगे। रात साढ़े नौ बजे पुतिन वापस मॉस्को रवाना हो जाएंगे।

इससे पहले दोनों देशों के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और आंद्रे बेलौसोव आज लंबी मीटिंग करेंगे। बात S-400 की बाकी डिलीवरी से लेकर सुखोई-30 को अपग्रेड करने और दूसरे बड़े रक्षा सौदों तक होगी।

अब सवाल ये है कि अभय सिंह हैं कौन? साल 1991 में पटना के लोयोला हाई स्कूल के स्टूडेंट अभय मेडिकल पढ़ने सोवियत संघ चले गए। कुर्स्क स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी से डॉक्टरी पूरी की। कुछ दिन पटना में प्रैक्टिस की लेकिन मन नहीं लगा। वापस कुर्स्क गए। पहले फार्मा बिजनेस किया। फिर रियल एस्टेट में हाथ आजमाया। 2017 और 2022 में विधायक का चुनाव जीते। खुद कहते हैं कि बिहारी हूं भाई। राजनीति तो खून में दौड़ती है।