img

Up Kiran, Digital Desk: दिल्ली की नई CM रेखा गुप्ता के लिए लंबे इंतजार के बाद आखिरकार उनकी राज निवास की तलाश पूरी हो गई है। करीब साढ़े तीन महीने CM पद संभालने के बाद अब उनके लिए सिविल लाइंस के राज निवास मार्ग पर दो बंगले फाइनल कर दिए गए हैं। ये बंगले न केवल सुविधाओं से लैस हैं, बल्कि दिल्ली के मुख्य सरकारी कार्यालयों के बेहद करीब भी हैं, जिससे CM के कामकाज में आसानी होगी।

4 बीएचके बंगले, एक कैंप ऑफिस भी शामिल

इन दोनों बंगलों की कुल ज़मीन लगभग 4 एकड़ में फैली हुई है। इनमें से एक बंगला CM के आवास के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा, जबकि दूसरा बंगला उनका कैंप ऑफिस होगा। दिल्ली सरकार ने इनके लिए सैद्धांतिक मंजूरी भी दे दी है।

पहले CM रेखा गुप्ता शालीमार बाग स्थित अपने निजी आवास में रह रही थीं, मगर अब जल्द ही ये सरकारी बंगलों में शिफ्ट होंगी। 1/8 और 2/8 नंबर वाले ये बंगले, सचिवालय, आईटीओ और केंद्रीय दफ्तरों के नजदीक होने की वजह से काम के लिहाज से बेहद उपयुक्त हैं।

मरम्मत और नवीनीकरण पर 47 लाख का खर्च

इन बंगलों की हालत को दुरुस्त करने के लिए करीब 47 लाख रुपये की मरम्मत और रंग-रोगन का काम चल रहा है। पीडब्ल्यूडी ने इसके लिए टेंडर भी जारी कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि 60 दिन के भीतर यह काम पूरा हो जाएगा और उसके बाद CM रेखा गुप्ता अपने नए आवास में शिफ्ट हो सकेंगी।

इस प्रक्रिया में कुछ आवश्यक सुधार किए जा रहे हैं ताकि बंगले की मरम्मत के बाद CM और उनके स्टाफ के लिए हर सुविधा उपलब्ध हो।

--Advertisement--