img

UP News: पूर्व CM और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने पार्टी में बड़ा बदलाव किया है। रविवार को बसपा की अखिल भारतीय पदाधिकारियों की बैठक में एक बड़ा फैसला लिया गया। मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को सभी पदों से हटा दिया है। साथ ही भाई आनंद कुमार को अब राष्ट्रीय संयोजक पद की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा रामजी गौतम को भी बीएसपी का राष्ट्रीय समन्वयक बनाया गया है। यानी अब बीएसपी में दो राष्ट्रीय समन्वयक होंगे।

मायावती के फैसले के अनुसार आकाश आनंद अब पार्टी में कोई पद नहीं संभालेंगे। इस बीच, कुछ दिन पहले मायावती ने अपने पुराने विश्वासपात्र और करीबी अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से निकाल दिया था। वो आकाश आनंद के ससुर हैं। इस बीच मायावती ने साफ कहा कि जब तक वह जीवित हैं, तब तक वह किसी को अपना उत्तराधिकारी घोषित नहीं करेंगी। उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि जो लोग मेरे नाम का दुरुपयोग करेंगे और पार्टी को नुकसान पहुंचाएंगे, उन्हें तत्काल पार्टी से निष्कासित कर दिया जाएगा।

अशोक सिद्धार्थ ने बर्बाद कर दिया आकाश का राजनीतिक करियर

बसपा प्रमुख ने आगे कहा, ‘‘हमें अब हर चीज को गंभीरता से देखना होगा।’’ ऐसे में पार्टी आंदोलन के हित में आकाश आनंद को पार्टी की सभी जिम्मेदारियों से हटा दिया गया है। इसके लिए पार्टी नहीं बल्कि उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ पूरी तरह जिम्मेदार हैं। उन्होंने पार्टी को नुकसान पहुंचाया है और आकाश आनंद का राजनीतिक करियर भी बर्बाद कर दिया है। मायावती ने स्पष्ट किया कि आनंद कुमार पहले की तरह उनकी जगह पार्टी का सारा काम करते रहेंगे।

बहुजन समाज पार्टी की अखिल भारतीय पदाधिकारियों की बैठक में उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, झारखंड, राजस्थान, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष मौजूद रहे। यह बैठक पार्टी संगठन को मजबूत करने तथा उसका समर्थन बढ़ाने के लिए आयोजित की गई थी। हालांकि, इस बैठक में मायावती के भतीजे आकाश और ईशान मौजूद नहीं थे।