img

family feud: गुजरात के भरूच जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां छह लोगों ने एक कथित आरोपी और उसके रिश्तेदारों के घरों पर बुलडोजर चला दिया। कथित आरोपी पर एक विवाहित महिला का अपहरण करने का संदेह है। संबंधित अधिकारी ने बताया कि उसकी मां की शिकायत के बाद पुलिस ने 6 लोगों को अरेस्ट किया है।

इस संबंध में भरूच जिले के वेदाच पुलिस थाने के इंस्पेक्टर बीएम चौधरी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, संबंधित महिला के परिवार के लोगों ने महिला के फरार होने के संदेह पर बुलडोजर चलाकर अपना गुस्सा जाहिर किया। आरोपियों में महिला का पति भी शामिल है। उस पर अपनी पत्नी, जो दूसरे समुदाय की है, के साथ भाग जाने का संदेह है। पुलिस ने बताया कि ये घटना 21 मार्च को जिले के करेली गांव में घटित हुई।

संबंधित अफसर द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने 21 मार्च की रात को फुलमाली समुदाय के छह घरों को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया। इसमें संदिग्ध व्यक्ति का घर भी शामिल था। इसके बाद पुलिस ने बुलडोजर चालक समेत छह लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली है। सभी आरोपियों को अरेस्ट कर लिया गया है। महिला आणंद जिले के अंकलाव तालुका में अपने माता-पिता से मिलने गई थी। संदेह है कि महिला और युवक वहां से भाग गए।

अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आणंद पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायत के अनुसार, हेमंत पडियार, सुनील पडियार, बलवंत पडियार, सोहम पडियार और चिराग पडियार आरोपी व्यक्ति के घर पहुंचे और अपने साथ रहने वाले व्यक्ति पर महिला के साथ भागने का आरोप लगाया तथा उसे दो दिन के भीतर उसे उनके सामने लाने की चेतावनी दी। इसके बाद 21 मार्च की रात करीब 9 बजे आरोपियों ने कथित युवक के घर पर बुलडोजर चला दिया। एफआईआर के अनुसार छह घर क्षतिग्रस्त हुए।