_1975132736.png)
Up Kiran, Digital Desk: त्योहारी सीज़न शुरू हो चुका है और देशभर में दिवाली की तैयारियां जोरों पर हैं। लेकिन मौसम का बदला मिजाज लोगों की प्लानिंग पर पानी फेर सकता है। हाल ही में लौटे मॉनसून के बावजूद देश के कई हिस्सों में तेज बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों में उत्तर, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है।
पश्चिमी विक्षोभ बना मुसीबत, इन राज्यों में होगी ओलावृष्टि
मौसम विभाग के मुताबिक एक तेज़ पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय हो गया है, जिसकी वजह से 5 और 6 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब और उत्तराखंड में तेज़ बारिश के साथ ओलावृष्टि की आशंका है। वहीं, हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 6 अक्टूबर को मौसम का कहर देखने को मिल सकता है।
इन राज्यों में लोगों को बिजली चमकने, तेज़ हवाएं चलने और तापमान में गिरावट का सामना करना पड़ सकता है। 8 अक्टूबर से अगले दो दिन न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है।
पूर्वी भारत में भी बरसेगा पानी, बाढ़ जैसे हालात संभव
पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भी बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही है। खासकर उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 5 अक्टूबर को कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, बिहार में भी 5 तारीख को कई जगहों पर मूसलधार बारिश हो सकती है, जिससे जलभराव और ट्रैफिक जाम जैसी दिक्कतें सामने आ सकती हैं।
उत्तर-पूर्वी राज्यों में भी बिगड़ेगा मौसम का मूड
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में 5 से लेकर 11 अक्टूबर तक भारी बारिश की संभावना है। विशेषकर मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 5 अक्टूबर को अत्यंत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।