कबाड़ में मिला कुबेर का खजाना! बिस्किट के डिब्बे से निकले दुर्लभ सोने के सिक्के, नीलामी में लगी सवा करोड़ की बोली
इंग्लैंड के कॉर्नवाल स्थित पेनजांस इलाके से किस्मत बदल देने वाला एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अपने पति के निधन के गहरे सदमे से उबरने की कोशिश कर रही एक महिला जब घर के पुराने गार्डन शेड और स्टोर रूम की साफ-सफाई कर रही थी, तभी धूल और कबाड़ के बीच उसकी नजर एक पुराने, जंग लगे बिस्किट के टिन पर पड़ी। पहली नजर में साधारण सा दिख रहा यह डिब्बा जब खुला, तो महिला की आंखें फटी रह गईं। कबाड़ समझकर फेंके जाने वाले उस डिब्बे के भीतर 62 बेशकीमती सोने के सिक्के सहेजे हुए थे, जिसने महिला को रातों-रात करोड़पति बना दिया।
महिला उस डिब्बे को लेकर सीधे स्थानीय नीलामी फर्म 'लेज ऑक्शनियर्स' (Lay's Auctioneers) के पास पहुंची। शुरुआत में जब विशेषज्ञों ने टिन खोला, तो ऊपरी हिस्से में कुछ घरेलू चीजें और चांदी के सिक्के नजर आए। लेकिन जैसे ही डिब्बे को पूरी तरह खाली किया गया, तो नीचे असली टकसाल (ओरिजिनल मिंट पैकेजिंग) में सीलबंद सोने के सिक्कों का पूरा जखीरा बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि डिब्बे में 41 दक्षिण अफ्रीकी क्रुगरैंड और 21 ब्रिटिश गोल्ड सॉवरेन के सिक्के मौजूद थे। नीलामी घर के जानकारों ने बताया कि किसी साधारण बिस्किट टिन में इतने दुर्लभ और सुरक्षित सोने के सिक्के मिलना अपने आप में एक असाधारण घटना है।
जांच-पड़ताल के दौरान इस खजाने के पीछे की दिलचस्प कहानी भी सामने आई। महिला के दिवंगत पति ने करीब 50 साल पहले यानी साल 1975 में बढ़ती महंगाई से निपटने और भविष्य की सुरक्षा के लिए ये सिक्के महज 70 से 80 पाउंड प्रति सिक्के के हिसाब से खरीदे थे। पति ने इस निवेश की जानकारी परिवार के किसी सदस्य को नहीं दी थी और सिक्कों को टिन में रखकर शेड के कोने में छिपा दिया था। जब नीलामी घर ने इन सिक्कों की सार्वजनिक बोली लगाई, तो कलेक्टर्स और निवेशकों में होड़ मच गई। टिन से निकला हर एक सिक्का बिक गया और कुल बोली 1,13,000 पाउंड (भारतीय मुद्रा में करीब सवा करोड़ रुपये से अधिक) तक पहुंच गई। आधी सदी पहले महज कुछ हजार पाउंड में किए गए एक शांत निवेश ने आज उस बेसहारा महिला की जिंदगी पूरी तरह बदल दी।