सलाखों के पीछे शैतानी: बिरसा मुंडा जेल में कैदी को जबरन पहनाई साड़ी, फिर जो हुआ जानकर कांप जाएगी रूह!

सलाखों के पीछे शैतानी: बिरसा मुंडा जेल में कैदी को जबरन पहनाई साड़ी, फिर जो हुआ जानकर कांप जाएगी रूह!

झारखंड की राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल से रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने जेल प्रशासन और सलाखों के पीछे बंद कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां विचाराधीन कैदी के तौर पर बंद रहे 20 वर्षीय एक युवक के साथ अन्य कैदियों द्वारा नशीला पदार्थ देकर कई बार अप्राकृतिक कृत्य और यौन हिंसा करने का आरोप लगा है।

पीड़ित युवक के पिता की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने जेल अधीक्षक (सुपरिटेंडेंट), जेलकर्मियों और बंदियों समेत कुल 19 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी है।

रांची के रातू इलाके का रहने वाला यह युवक एक मामले में विचाराधीन बंदी के रूप में जेल में बंद था। अदालत द्वारा सभी आरोपों से बरी किए जाने के बाद जब 12 जून को वह रिहा होकर घर पहुंचा, तो उसके व्यवहार में भारी बदलाव और गहरा मानसिक तनाव देखा गया। परिजनों के कुरेदने पर युवक ने जेल के भीतर अपने साथ हुए जुल्म की दास्तान बयां की। शिकायत के मुताबिक, 12 जून 2026 की रात जेल के अंदर बंदियों के एक समूह ने उसे जबरन साड़ी पहनाई, उसका लड़की की तरह मेकअप किया और नशीला पेय पिलाकर बेसुध कर दिया। इसके बाद उसे घसीटकर दूसरे वार्ड में ले जाया गया, जहां कई लोगों ने उसके साथ दरिंदगी की। आरोप है कि इसके बाद भी दो बार अलग-अलग मौकों पर उसी तरह इस घिनौने कृत्य को दोहराया गया।

परिजनों का सीधा आरोप है कि जब पीड़ित ने जेल के भीतर इस प्रताड़ना की लिखित शिकायत दर्ज कराई, तो जिम्मेदारों ने कार्रवाई करने के बजाय शिकायत पत्र फाड़ दिया और उसे जरूरी मेडिकल जांच व इलाज तक उपलब्ध नहीं कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने बताया कि खेलगांव थाने में युवक के पिता की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। केस की तफ्तीश सब इंस्पेक्टर मनीष शिवम को सौंपी गई है। पुलिस अब जेल के सीसीटीवी फुटेज, वार्ड रजिस्टर, शिकायत दबाने और इलाज न दिए जाने के आरोपों की हर पहलू से गहन जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।