घर के बल्ब और ट्यूबलाइट पड़ गए हैं धुंधले? 5 मिनट में ऐसे चमकाएं, बिल्कुल नए जैसी तेज रोशनी देने लगेंगे
घरों में लगे एलईडी बल्ब और ट्यूबलाइट्स कुछ महीनों के इस्तेमाल के बाद अक्सर मंद रोशनी देने लगते हैं। कई बार लोग मान लेते हैं कि बल्ब पुराना या खराब हो गया है, जबकि इसकी मुख्य वजह उस पर जमने वाली धूल, गर्द और चिकनाई की मोटी परत होती है। कांच की सतह पर मैल जमने से रोशनी बाहर पूरी तीव्रता से नहीं फैल पाती। सही जानकारी न होने से लोग पानी डालकर साफ करने से कतराते हैं ताकि शॉर्ट सर्किट या नुकसान न हो। घरेलू किचन में मौजूद चंद चीजों की मदद से बिना किसी जोखिम के बल्ब को मिनटों में शीशे जैसा चमकाया जा सकता है।
बल्ब की नियमित सफाई के लिए सबसे सुरक्षित तरीका सूखा माइक्रोफाइबर कपड़ा है। साफ करने से पहले स्विच बंद कर बल्ब को ठंडा होने दें। इसके बाद सूखे और मुलायम माइक्रोफाइबर कपड़े से ऊपरी धूल को हल्के हाथों से पोंछ लें। यह कपड़ा बिना स्क्रैच डाले धूल के बारीक कणों को सोख लेता है। अगर बल्ब पर चिपचिपे दाग या जमी हुई कालिख है, तो सिरका और पानी का घोल बेहतरीन काम करता है। बराबर मात्रा में पानी और सफेद सिरका मिलाकर स्प्रे तैयार करें। इसे सीधे बल्ब पर डालने के बजाय कपड़े पर हल्का सा स्प्रे करें और हल्के हाथों से पोंछने के बाद तुरंत सूखे कपड़े से सुखा लें।
रसोई घर में लगे बल्बों पर अक्सर कुकिंग ऑयल और धुएं की वजह से चिपचिपा मैल जम जाता है, जिसे हटाने के लिए गुनगुना पानी और डिशवॉश लिक्विड सबसे असरदार उपाय है। एक कटोरी हल्के गुनगुने पानी में दो-तीन बूंद लिक्विड साबुन घोलें, उसमें कपड़ा भिगोकर अच्छी तरह निचोड़ लें ताकि पानी की एक बूंद भी न टपके। इससे तेल की परत पोंछकर तुरंत कॉटन के कपड़े से पोंछ दें। यदि दाग काफी पुराने और जिद्दी हैं, तो बेकिंग सोडा में कुछ बूंदें पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। इसे स्पंज से दाग वाली जगह पर हल्का रगड़ें और फिर नम कपड़े से पोंछकर साफ कर दें। इसके अलावा आइसोप्रोपिल रबिंग अल्कोहल या हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल करके भी बिना पानी के बल्ब को तुरंत डिसइन्फेक्ट और चमकाया जा सकता है; यह अल्कोहल हवा में तुरंत उड़ जाता है जिससे नमी की कोई समस्या नहीं रहती।