आयुर्वेद में इसे बताया है 'धीमा जहर', रोज खाए जाने वाले ये 3 फूड कॉम्बिनेशन पेट में मचा देते हैं तबाही
दैनिक खानपान में हम अक्सर स्वाद या जल्दी के चक्कर में कई चीजों को एक साथ मिलाकर खा लेते हैं। बाहर से सामान्य दिखने वाले ये फूड कॉम्बिनेशन पेट के भीतर जाकर भारी उथल-पुथल मचा देते हैं। गलत खानपान की यह आदत पेट में तेज गैस, लगातार ब्लोटिंग, बदहजमी और यहां तक कि त्वचा से जुड़ी बीमारियों का मुख्य कारण बन जाती है। आयुर्वेद में ऐसे बेमेल मेल को 'विरुद्ध आहार' कहा गया है। जानी-मानी आयुर्वेदिक हेल्थ कोच डिंपल जांगड़ा ने ऐसे ही तीन बेहद आम लेकिन नुकसानदेह फूड कॉम्बिनेशन को लेकर आगाह किया है, जिन्हें एक साथ खाने से हर हाल में बचना चाहिए।
सबसे पहला और आम कॉम्बिनेशन है ताजे फल और डेयरी उत्पाद। कई लोग फ्रूट शेक या स्मूदी का जमकर सेवन करते हैं, लेकिन आयुर्वेद के मुताबिक दूध और खट्टे या मीठे फलों को कभी एक साथ नहीं लेना चाहिए। फलों में प्राकृतिक एसिड मौजूद होते हैं, जो दूध के प्रोटीन के साथ मिलकर पेट में केमिकल रिएक्शन पैदा करते हैं। इस बेमेल मेल की वजह से शरीर में टॉक्सिन्स यानी विषाक्त पदार्थ जमा होने लगते हैं, जिससे पेट फूलने के साथ-साथ त्वचा पर खुजली, लाल दाने और चकत्ते जैसी एलर्जी की समस्या खड़ी हो सकती है। दोनों चीजों का पूरा पोषण पाने के लिए इनके सेवन में कम से कम एक से दो घंटे का अंतर जरूर रखें।
दूसरा नुकसानदेह तरीका है मुख्य भोजन के साथ तुरंत फलों का सेवन करना। दाल, रोटी, चावल या किसी भी भारी भोजन को पचने में शरीर को काफी लंबा वक्त लगता है, जबकि ताजे फल पेट में महज दो से तीन घंटे के भीतर पच जाते हैं। जब आप भारी भोजन के साथ या उसके तुरंत बाद फल खाते हैं, तो फलों की नेचुरल शुगर भारी खाने के नीचे दबकर पेट में सड़ने लगती है। नतीजा यह होता है कि पेट में अचानक तेज गैस, खट्टी डकारें, भारीपन और असहज करने वाली ब्लोटिंग शुरू हो जाती है। फलों को हमेशा खाली पेट या भोजन के बीच के स्नैक के तौर पर खाना ही सही तरीका है।
तीसरा बड़ा जोखिम दूध के साथ कुछ खास सब्जियों के सेवन से जुड़ा है। भारतीय रसोई में आम तौर पर बनने वाली सब्जियां जैसे मूली, कटहल और कच्चा प्याज कभी भी दूध या दूध से बनी चीजों के साथ नहीं खाई जानी चाहिए। इन सब्जियों में मौजूद खास किस्म का रेशा और तत्व दूध के लैक्टोज व प्रोटीन के पाचन को बेहद धीमा कर देते हैं। दोनों का यह टकराव पेट की जठराग्नि को कमजोर कर देता है, जिससे पेट में भारी गैस, मरोड़ और लंबे समय में आंतों की सुस्ती का खतरा बढ़ जाता है।