चिया सीड्स खाने का सही नियम, जानिए सूखे बीज खाने से क्यों बिगड़ सकती है सेहत
सुपरफूड के तौर पर पहचाने जाने वाले चिया सीड्स को हमेशा भिगोकर खाने का मशवरा दिया जाता है, क्योंकि सूखे बीजों के मुकाबले भीगे हुए चिया सीड्स को पचाना शरीर के लिए बेहद आसान होता है।
लगभग 24 घंटे तक पानी या दूध में भिगोने से इनके भीतर मौजूद जरूरी फैटी एसिड्स आसानी से रिलीज हो जाते हैं। मगर अक्सर लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि चिया सीड्स को सादे पानी में भिगोना चाहिए या दूध में। न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, दोनों ही तरीकों के अपने अलग-अलग और बेजोड़ फायदे हैं, जो आपकी सेहत की जरूरतों पर निर्भर करते हैं।
जब आप चिया सीड्स को पानी में भिगोते हैं, तो यह फूलकर जेल जैसा गाढ़ा रूप ले लेते हैं। इन्हें आधे घंटे से लेकर 24 घंटे तक पानी में भिगोया जा सकता है। डॉक्टर स्वाति सिंह के अनुसार, यदि चिया सीड्स को 15 घंटे से अधिक समय तक पानी में भिगोया जाए तो यह पूरी तरह ग्लूटेन फ्री टेक्सचर में आ जाते हैं, जिन्हें किसी भी ड्रिंक या डाइट में आसानी से शामिल किया जा सकता है। पानी में भीगे चिया सीड्स बेहद सुपाच्य होते हैं और इनमें ओमेगा-6 की तुलना में ओमेगा-3 फैटी एसिड की सक्रियता बढ़ जाती है। इसके अलावा, यह भोजन के ग्लाइसेमिक इंडेक्स को धीमा कर देते हैं, जिससे खाने के बाद ब्लड शुगर अचानक नहीं बढ़ता। प्रचुर मात्रा में मौजूद घुलनशील फाइबर आंतों में प्रोबायोटिक की तरह काम करता है, जिससे पुरानी कब्ज दूर होती है और पेट लंबे समय तक भरा महसूस होता है।
वजन घटाने और बढ़ाने के लिए कौन सा तरीका बेहतर
दूसरी तरफ, चिया सीड्स को दूध में भिगोने से इसकी पोषण क्षमता कई गुना बढ़ जाती है। दूध के साथ मिलाकर बनाई गई चिया सीड पुडिंग या स्मूदी शरीर के लिए एक मुकम्मल और संतुलित नाश्ता बन जाती है, जिससे प्रोटीन, हेल्दी फैट्स, डाइटरी फाइबर, विटामिन्स और जरूरी कैलोरी एक साथ मिल जाती हैं। चिया सीड्स में मौजूद मैग्नीशियम दूध के विटामिन डी और कैल्शियम के साथ मिलकर हड्डियों और मांसपेशियों को मजबूत बनाता है। वजन घटाने की योजना बना रहे लोगों के लिए यह एक ऐसा तृप्त करने वाला ब्रेकफास्ट विकल्प है जो बार-बार लगने वाली भूख पर प्रभावी रोक लगाता है। जो लोग वजन कम करने के लिए लो-कैलोरी और हाइड्रेटिंग विकल्प तलाश रहे हैं, उनके लिए पानी में भीगे चिया सीड्स बेहतरीन हैं, वही जो लोग वजन संतुलित रखने, ताकत और प्रोटीन-कैल्शियम की भरपूर खुराक चाहते हैं, वे इसे फुल क्रीम दूध या किसी भी प्लांट-बेस्ड मिल्क जैसे बादाम या सोया मिल्क में भिगोकर खा सकते हैं।