बाजार के केमिकल वाले साबुन को कहें अलविदा; घर पर 4 चीजों से बनाएं नेचुरल सोप, रूखी त्वचा से मिलेगी राहत

बाजार के केमिकल वाले साबुन को कहें अलविदा; घर पर 4 चीजों से बनाएं नेचुरल सोप, रूखी त्वचा से मिलेगी राहत

बाजार में मिलने वाले ज्यादातर साबुन केमिकल युक्त और काफी हार्ड होते हैं, जिनके इस्तेमाल से त्वचा की नमी छिन जाती है और स्किन रूखी-सूखी व बेजान दिखने लगती है। खासकर सर्दियों के मौसम में इस तरह के साबुन त्वचा के रूखेपन को और ज्यादा बढ़ा देते हैं, इसलिए इनसे परहेज करने की सलाह दी जाती है।

ऐसे में बाजार के केमिकल वाले प्रोडक्ट्स के बजाय आप घर पर ही नेचुरल चीजों की मदद से त्वचा को पोषण देने वाला साबुन तैयार कर सकते हैं। चावल का आटा, ताजा आलू, एलोवेरा और विटामिन ई की मदद से बेहद आसान और असरदार DIY हैक के जरिए घर पर ही नेचुरल बाथिंग सोप बनाया जा सकता है।

इस होममेड साबुन को बनाने के लिए सामग्री जुटाना बेहद आसान है। इसके लिए आपको केवल पांच चम्मच चावल, एक ताजा आलू, दो चम्मच एलोवेरा जेल, दो विटामिन ई कैप्सूल और अपनी पसंद का कोई भी ग्लिसरीन या क्रीम बेस्ड सोप बेस चाहिए होगा। सबसे पहले चावल को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें और किसी सूती कपड़े पर फैलाकर पंखे की हवा में सुखा लें। सूखने के बाद चावल को मिक्सी में पीसकर बारीक पाउडर बना लें। इसके बाद आलू को धोकर कद्दूकस कर लें और साफ कपड़े में दबाकर उसका ताजा रस निकाल लें।

अब एक बाउल में दो चम्मच एलोवेरा जेल, तैयार किया गया आलू का रस और दो विटामिन ई कैप्सूल का ऑयल डालकर अच्छी तरह फेंट लें। दूसरी तरफ, ग्लिसरीन सोप बेस के छोटे-छोटे टुकड़े काटकर उसे डबल बॉयलर तकनीक से हल्की आंच पर पूरी तरह पिघला लें। जैसे ही सोप बेस पिघल जाए, उसमें एलोवेरा-आलू का पेस्ट और दो बड़े चम्मच चावल का पाउडर डालकर तेजी से अच्छी तरह मिला लें ताकि कोई गांठ न रहे। इस पूरे मिश्रण को अपनी पसंद के सोप मोल्ड या किसी सांचे में पलट दें और करीब 3 से 4 घंटे के लिए जमने को छोड़ दें। पूरी तरह सेट होने के बाद साबुन को सांचे से बाहर निकाल लें और सर्दियों में सॉफ्ट व ग्लोइंग स्किन के लिए रोजाना इस्तेमाल करें।