पंजाब चुनाव 2027: BJP की नई चुनाव समिति घोषित, कैप्टन बाहर और 7 दल-बदलू नेताओं को तरजीह

पंजाब चुनाव 2027: BJP की नई चुनाव समिति घोषित, कैप्टन बाहर और 7 दल-बदलू नेताओं को तरजीह

भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। पार्टी ने 16 कोर सदस्यों और तीन विशेष आमंत्रित सदस्यों वाली एक हाई-प्रोफाइल राज्य चुनाव समिति का गठन किया है। इस नई फेहरिस्त की सबसे बड़ी खासियत यह है कि कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाले सात कद्दावर नेताओं को पैनल में सीधे तौर पर प्रमुख जगह दी गई है।

हालांकि, सबसे ज्यादा चौंकाने वाला फैसला पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को लेकर रहा, जिन्हें इस अहम समिति से पूरी तरह बाहर रखा गया है, जबकि उनकी पत्नी और पूर्व केंद्रीय मंत्री परनीत कौर को इसमें शामिल किया गया है। कैप्टन को दरकिनार किए जाने से राज्य के राजनीतिक गलियारों में पार्टी की आंतरिक रणनीति और नेताओं के प्रतिनिधित्व को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

नवगठित समिति में पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के साथ पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल, पूर्व सांसद सुनील जाखड़, पूर्व केंद्रीय मंत्री परनीत कौर, पूर्व सांसद रवनीत सिंह बिट्टू और पूर्व मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी जैसे पूर्व कांग्रेसी दिग्गजों को शामिल किया गया है। वहीं शिरोमणि अकाली दल के पूर्व विधायक मनजीत सिंह मन्ना को भी इस टीम में एंट्री मिली है। नए चेहरों के साथ-साथ पार्टी ने अपने पुराने और कैडर नेताओं के बीच संतुलन साधने की पूरी कोशिश की है। इसी क्रम में राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, अविनाश राय खन्ना, मनोरंजन कालिया, श्वेत मलिक, राज्य संगठन महासचिव श्रीनिवासुलु, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला, दिनेश बब्बू और जंगी लाल महाजन को भी चुनाव समिति में रखा गया है।

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक भाजपा की इस नई कवायद को 'मिशन 2027' की नींव माना जा रहा है, जहां पार्टी अपने मूल सांगठनिक ढांचे को दूसरे दलों से आए जनाधार वाले नेताओं के तजुर्बे के साथ जोड़कर एक नया समीकरण तैयार करना चाहती है। पंजाब में विधानसभा चुनाव अगले साल फरवरी या मार्च के आसपास होने की संभावना जताई जा रही है। ऐतिहासिक रूप से भाजपा राज्य में कभी अकेले दम पर सरकार नहीं बना सकी है और वह हमेशा अकाली दल के साथ गठबंधन में छोटी भूमिका निभाती रही थी। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में जब पार्टी 73 सीटों पर अकेले मैदान में उतरी थी, तब उसे महज 6.65 प्रतिशत वोट शेयर के साथ सिर्फ 2 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा था। ऐसे में इस नई समिति के जरिए भाजपा अपने सियासी विस्तार और अकाली दल के साथ भविष्य के गठजोड़ की दिशा तय करने की पुरजोर कोशिश कर रही है।