img

भारतीय नौसेना ने अरब सागर में समुद्री लुटेरों के चंगुल से हाईजैक किए गए ईरानी जहाज को बचाया है। समुद्री लुटेरों के विरूद्ध की गई इस कार्रवाई में नेवी ने 23 बंधक पाकिस्तानियों की जान भी बचाई है। जिसके बाद पाकिस्तानी भारतीय नौसेना के मुरीद हो गए और भारत जिंदाबाद के नारे लगाने लगे।

दरअसल, भारतीय नौसेना को 28 मार्च की देर शाम ईरानी मछली पकड़ने वाले जहाज नंबर 786 को अरब सागर में हाईजैक किए जाने की सूचना मिली थी। समुद्री डकैती के इनपुट पर भारतीय नौसेना ने समुद्री सुरक्षा अभियानों के लिए अरब सागर में तैनात दो जहाजों को हाईजैक हुए ईरानी जहाज की तरफ डायवर्ट कर दिया। इस घटना के वक्त भारतीय युद्धपोत आईएनएस सुमेधा ईरानी जहाज से करीब 90 नॉटिकल मील दक्षिण पश्चिम में था। आईएनएस सुमेधा ने 29 मार्च को हाईजैक जहाज को रोका और बाद में गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट आईएनएस त्रिशूल भी इस रेस्क्यू ऑपरेशन से जुड़ गया।

12 घंटे से ज्यादा चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद जहाज पर सवार समुद्री लुटेरों को आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूर होना पड़ा। घंटों की कड़ी कार्रवाई के बाद 23 पाकिस्तानी नागरिकों के चालक दल को भी सुरक्षित बचा लिया गया जिसके बाद सभी पाकिस्तानी भारतीय नौसेना का शुक्रिया करने लगे और अपनी आपबीती बताने के साथ ही भारत जिंदाबाद के नारे लगाने लगे।

--Advertisement--