img

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से श्रीनगर तक भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी, जिसकी देशभर में खूब चर्चाएं हुई। अब राहुल गांधी जल्द ही भारत जोड़ो यात्रा का एक और अध्याय लिखने को तैयार हैं। चर्चा है कि राहुल गांधी इस बार देश के पश्चिमी कोने से पूर्वी कोने तक जाएंगे। इसकी शुरुआत गुजरात के पोरबंदर से हो सकती है, जबकि त्रिपुरा के अगरतल्ला तक चलेगी। इस बार यात्रा 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ साथ तीन अहम राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए की जाएगी। वहीं इस यात्रा का आगाज 15 अगस्त या 2 अक्टूबर से किया जा सकता है।

दरअसल, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव से पहले भारत जोड़ो यात्रा निकाली गई थी। जिसका फायदा कांग्रेस को दोनों प्रदेशों के चुनाव में मिला था। कर्नाटक चुनाव के दौरान तो यह साफ देखने को मिला था कि जहां जहां से राहुल गांधी की यात्रा निकली थी, वहां कांग्रेस पार्टी को जबरदस्त सफलता हाथ लगी थी।

इन 3 राज्यों में रहेगा राहुल गांधी का फोकस

ऐसे में अब आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा निकालने का खाका तैयार कर लिया है। माना जा रहा है कि राहुल गांधी की भारत यात्रा के पार्ट 2 में राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव पर खास फोकस किया जाएगा।

राजस्थान के 10 लोकसभा और 60 विधानसभा में फोकस गुजरात से होते हुए यात्रा राजस्थान में प्रवेश करेगी और फिर इसके बाद मध्यप्रदेश होते हुए आगे रास्ता तय कर सकती है। राजस्थान की 10 लोकसभा और 60 विधानसभा क्षेत्रों को फोकस किया जाएगा। पिछले साल यात्रा ने झालावाड़ के रास्ते राजस्थान में प्रवेश किया था और एक लंबा रास्ता तय करते हुए अलवर के रास्ते हरियाणा चली गई थी। इस बार यह यात्रा मेवाड़ वागड़ को फोकस करके राजस्थान से गुजर सकती है।

इसमें उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, झालावाड़ आदि जिले शामिल किए जा सकते हैं। राजस्थान में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस यात्रा के जरिए उदयपुर, जयपुर ग्रामीण, दौसा, अलवर, टोंक, सवाई माधोपुर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, चित्तौडगढ़, प्रतापगढ़, कोटा, बूंदी, धौलपुर, करौली और जालोर सिरोही जैसे 10 लोकसभा क्षेत्रों के साथ साथ इन इलाकों में पड़ने वाली 60 विधानसभा सीटों को साधने की तैयारी में है।

मध्यप्रदेश की इन सीटों पर रहेगा खास फोकस भारत यात्रा राजस्थान के चित्तौड़गढ़ होते हुए मध्यप्रदेश में नीमच मंदसौर के माध्यम से प्रवेश करेगी। पहली यात्रा के दौरान मध्यप्रदेश में राहुल गांधी ने बहुत लंबा समय बिताया था। तब राहुल गांधी ने 12 दिन मध्यप्रदेश में बिताए थे और करीब करीब 380 किलोमीटर की दूरी तय की थी। इस बार यात्रा मध्यप्रदेश में उतनी लंबी शायद ना हो किंतु कई महत्वपूर्ण इलाकों में कांग्रेस फोकस करना चाहती है। छत्तीसगढ़ में राहुल गांधी बिताएंगे ज्यादा समय।

पिछले साल हुई भारत जोड़ो यात्रा में छत्तीसगढ़ उन राज्यों में से एक था जहां से यात्रा नहीं गुजरी थी। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है और जल्दी विधानसभा चुनाव होने हैं। कांग्रेस पार्टी लोकसभा और विधानसभा चुनाव दोनों को ध्यान में रखते हुए राज्य में प्लान तैयार कर रही है। उम्मीद की जा रही कि राहुल गांधी इस बार छत्तीसगढ़ में एक हफ्ते से ज्यादा समय तक यात्रा करेंगे। इस बार भारत जोड़ो यात्रा की कमान खुद राहुल गांधी संभालेंगे। यात्रा की शुरुआत करने के लिए 15 अगस्त से 2 अक्टूबर पर विचार किया जा रहा है।

दोनों ही तारीखों का खास संदेश है। एक दिन देश का स्वतंत्रता दिवस है तो दूसरा दिन महात्मा गांधी का जन्म तिथि। किंतु यात्रा का रूट 3000 किलोमीटर से भी ज्यादा लंबा है। वहीं दिसंबर के पहले सप्ताह तक रूट को कवर होने वाले तीन राज्यों राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में चुनाव होने हैं। इसलिए संभावना जताई जा रही है कि यात्रा 2 अक्टूबर से पहले ही शुरू हो जाए। 

--Advertisement--