बारात से लौट रही स्कॉर्पियो को ट्रक ने रौंदा, 4 की मौत; कोटा और कच्छ में भी भीषण हादसों में 16 लोगों ने गंवाई जान
पटना के अथमगोला थाना क्षेत्र में सबनीमा पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बारात से लौट रही स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान ड्राइवर धीरज कुमार (26), पूनम कुमारी (27), बबली कुमारी (18) और रेणु कुमारी (18) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में सत्यम कुमार (10), रितिका कुमारी (12) और एक अधेड़ उम्र की महिला शामिल हैं।
स्थानीय लोगों और पुलिस के अनुसार, बाढ़ थाना क्षेत्र के सिकंदरा गांव से बख्तियारपुर के बेलथान गांव में बारात गई थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद बाराती स्कॉर्पियो से वापस अपने गांव लौट रहे थे, इसी दौरान सबनीमा पेट्रोल पंप के पास पीछे से आए बेकाबू ट्रक ने गाड़ी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तुरंत बाढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) रेफर किया गया। अथमगोला थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।
देश में अलग-अलग हिस्सों से सड़क हादसों की ऐसी ही दर्दनाक खबरें सामने आई हैं। राजस्थान के कोटा जिले में कोटा-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शंभूपुरा गांव के पास देर रात एक वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। नाटा थाना इलाके में हुए इस हादसे में बच्चों समेत कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पीड़ित एक ही परिवार के थे और सीकर स्थित खाटू श्याम जी मंदिर के दर्शन करने के बाद महाराष्ट्र लौट रहे थे। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें छह लोगों को कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दाखिल किया गया है।
उधर गुजरात के कच्छ जिले में भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर वेकारिया रण के पास शनिवार रात करीब 10 बजे एक अन्य भीषण सड़क दुर्घटना में तीन बच्चों समेत एक ही परिवार के सात सदस्यों की मौत हो गई। कच्छ पश्चिम पुलिस नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने रविवार (22 नवंबर) को बताया कि परिवार कच्छ के रण की सैर के बाद खावड़ा से कार के जरिए भुज लौट रहा था, तभी उनकी कार एक तेज रफ्तार ट्रेलर ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में दो पुरुष, दो महिलाएं और तीन छोटे बच्चों की जान चली गई।