8 दिन तक यार्ड में खड़ी रही कोच, सफाई के दौरान दिखा खौफनाक मंजर; हिला गया शासन प्रशासन
तमिलनाडु के नागरकोइल जंक्शन के यार्ड में खड़ी एक ट्रेन के कोच में महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस ने 31 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिस पर महिला से दुष्कर्म और हत्या का आरोप है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जे अय्यप्पन के रूप में हुई है, जो चेंबकरमनपुथुर का रहने वाला बताया गया है।
बुधवार, 18 नवंबर को दिव्यांग यात्रियों के लिए आरक्षित कोच के भीतर महिला का शव उस समय मिला जब कर्मचारी सफाई कर रहे थे। जानकारी के अनुसार, यह कोच 11 नवंबर से रखरखाव के लिए यार्ड में खड़ा था और दूसरी ट्रेन में लगाए जाने से पहले इसकी सफाई की जा रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। स्टेशन परिसर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर 14 नवंबर की एक फुटेज में सफेद धोती और शर्ट पहने एक संदिग्ध व्यक्ति दिव्यांग कोच से उतरता हुआ दिखाई दिया, जिससे जांच को अहम दिशा मिली।
महिला की शिनाख्त में उसके हाथ में पहनी सांप के आकार वाली सोने की अंगूठी सबसे बड़ा सुराग साबित हुई। अंगूठी के हॉलमार्क के जरिए पुलिस गुजरात के एक विक्रेता तक पहुंची, जिसने बताया कि यह गहना छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित एक दुकानदार को दिया गया था। उसी कड़ी से जुड़े रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस को महिला का पैन विवरण और मध्य प्रदेश का पता मिला, जिससे उसकी पहचान सुनिश्चित हो सकी।
पुलिस ने चेम्बकरमनपुथुर से 31 वर्षीय जे अय्यप्पन को शुक्रवार को हिरासत में ले लिया। जांच अधिकारियों के मुताबिक, 14 नवंबर की रात करीब साढ़े बारह बजे प्लेटफॉर्म नंबर पांच के पास टहल रही महिला को आरोपी ने कथित तौर पर बहला-फुसलाकर या खींचकर दिव्यांग कोच में ले गया, जहां उसने वारदात को अंजाम दिया। हमले में महिला की मौत के बाद आरोपी शव वहीं छोड़कर फरार हो गया था।
जांच में यह भी सामने आया है कि महिला तीन महीने पहले अपने गृह नगर से लापता हो गई थी और सूचना मिलने के बाद उसके पति व बच्चे कन्याकुमारी के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस का मानना है कि घटना से पहले आरोपी की महिला से कुछ मुलाकातें हुई थीं। आरोपी की निशानदेही पर एक गड्ढे से उसकी खून लगी शर्ट भी बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में महिला की पसलियां टूटने की बात सामने आई है, जबकि पूछताछ में आरोपी ने मारपीट व हमले की बात स्वीकार की है।