एक अकेले प्रशांत किशोर को हराने के लिए बीजेपी ने झोंक दी पूरी ताकत- पीके का बड़ा दावा

एक अकेले प्रशांत किशोर को हराने के लिए बीजेपी ने झोंक दी पूरी ताकत- पीके का बड़ा दावा

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर से उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी और स्थानीय प्रशासन पर जमकर हमला बोला।

पीके ने आरोप लगाया कि एक तरफ जहां बीजेपी उन्हें हराने के लिए अपने सैकड़ों नेताओं, मंत्रियों और अभिनेताओं को मैदान में उतार चुकी है, वहीं दूसरी तरफ चुनाव जीतने के लिए प्रशासनिक तंत्र और 'जीविका दीदियों' का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। प्रशांत किशोर ने चुनाव आयोग को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए धरना देने की चेतावनी दी है।

'एक प्रशांत किशोर को हराने के लिए बीजेपी ने झोंकी पूरी ताकत, यह जन सुराज की जीत'

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि बीजेपी ने बांकीपुर में करीब एक हजार वर्कर, नेता और अभिनेता लगा दिए हैं। उन्होंने कहा, "लोकतंत्र में सभी पार्टियों को प्रचार करने का अधिकार है।

बांकीपुर की जनता देख रही है कि एक प्रशांत किशोर को हराने के लिए बीजेपी को कितनी ताकत और संसाधन लगाने पड़ रहे हैं। हम इसे जन सुराज और बांकीपुर के मतदाताओं की बड़ी जीत मानते हैं। जो नेता और मंत्री कभी जनता के बीच नहीं जाते थे, वे आज चुनाव के डर से बांकीपुर के घर-घर दस्तक दे रहे हैं।"

'जन सुराज समर्थकों के होटलों पर रेड, बीजेपी नेताओं का हिसाब कौन मांगेगा?'

प्रशांत किशोर ने जिला प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जन सुराज के जो कार्यकर्ता और समर्थक अपने खर्चे से आकर होटलों में ठहरे हुए हैं, पुलिस और प्रशासन रोजाना उन होटलों में छापेमारी कर उन्हें परेशान कर रहा है। पीके ने सवाल दागा, "बीजेपी के सैकड़ों नेता और मंत्री कहां ठहरे हैं? आखिर उनके होटलों पर रेड क्यों नहीं हो रही है? इलेक्शन कमीशन और प्रशासन यह क्यों नहीं पूछ रहा कि उनके रहने-खाने का बिल कौन भर रहा है?"

Latest Posts