कांग्रेस ने खोले पत्ते, बिहार की 5 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान; RJD से सीधा मुकाबला

कांग्रेस ने खोले पत्ते, बिहार की 5 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान; RJD से सीधा मुकाबला

बिहार की सियासत में इन दिनों चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। आगामी बिहार स्नातक और शिक्षक निर्वाचन चुनावों के लिए कांग्रेस ने अपने पांच प्रत्याशियों के नामों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। 

इस घोषणा के साथ ही विपक्षी गठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। दरअसल, कांग्रेस ने जिन 5 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं, उनमें से 3 सीटों पर उसका सीधा मुकाबला अपनी ही सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से होने जा रहा है।

ग्रेजुएट निर्वाचन क्षेत्रों में कड़ा हुआ मुकाबला

सियासी गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा उन तीन ग्रेजुएट (स्नातक) सीटों की हो रही है, जहां गठबंधन के दोनों प्रमुख दल एक-दूसरे के खिलाफ चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं। कांग्रेस ने कोसी ग्रेजुएट सीट से मनोज कुमार जायसवाल, दरभंगा ग्रेजुएट सीट से रजनीकांत पाठक और पटना ग्रेजुएट सीट से असदुल्ला खान को अपना उम्मीदवार बनाया है। 

दिलचस्प बात ये है कि राजद इन तीनों ही सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा पहले ही कर चुकी है। राजद ने पटना ग्रेजुएट से दिलीप कुमार, कोसी ग्रेजुएट से नितेश कुमार और दरभंगा ग्रेजुएट से अनिल कुमार झा को मैदान में उतारा है। अब इन तीनों सीटों पर कांग्रेस और राजद के बीच 'फ्रेंडली फाइट' देखने को मिलेगी।

मदन मोहन झा और संजय यादव पर कांग्रेस का दांव

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल द्वारा गुरुवार शाम को जारी की गई इस लिस्ट में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष मदन मोहन झा का नाम भी प्रमुखता से शामिल है। पार्टी ने उन्हें दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से टिकट दिया है। इसके अलावा पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से संजय यादव को कांग्रेस का प्रत्याशी बनाया गया है। 

बता दें कि राजद ने सितंबर में ही छह प्रत्याशियों की घोषणा कर दी थी, जिसमें सारण टीचर्स से प्रोफेसर जयराम यादव, तिरहुत ग्रेजुएट से डॉ. रश्मी विनायक गौतम और पटना टीचर्स से डॉ. संजीव कुमार सिंह का नाम शामिल था।

जानें चुनाव का पूरा शेड्यूल और तारीखें

आपको बता दें कि बिहार में कुल आठ सीटों (चार स्नातक और चार शिक्षक) के लिए चुनाव हो रहे हैं, क्योंकि इन सीटों के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर को खत्म होने वाला है। 

चुनाव आयोग के मुताबिक, इन सभी आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। नामांकन की प्रक्रिया 29 सितंबर से ही शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक अपना पर्चा दाखिल कर सकते हैं। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। वहीं, चुनाव के नतीजे 27 अक्टूबर को मतगणना के बाद घोषित किए जाएंगे।