अनंत सिंह की बेटी की शादी में वर्दी पहन खाना परोसता दिखा होम गार्ड जवान, गिरी गाज
बिहार में मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस के एक जवान पर अनुशासनात्मक गाज गिरी है। आरोप है कि होम गार्ड जवान सतीश कुमार (BHG-103755) शादी समारोह के दौरान सड़क पर यातायात संभालने के बजाय अपनी वर्दी में ही मेहमानों को खाना परोसते नजर आए। वीडियो सामने आने और उसकी पुष्टि होने के बाद पटना ट्रैफिक पुलिस ने जवान को तत्काल प्रभाव से लाइन ड्यूटी पर भेज दिया है और जिला मुख्यालय तलब कर लिया है।
पटना ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, सतीश कुमार को शादी स्थल के पास की सड़क पर वाहनों की सुगम आवाजाही और ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई थी। हालांकि, वायरल फुटेज में वह अपनी तय ड्यूटी से इतर निजी समारोह में मेहमानों को भोजन परोसते दिखे। पुलिस अधिकारियों ने इसे ड्यूटी के प्रति लापरवाही और आचरण में चूक मानते हुए सख्त कदम उठाया है।
इस पूरे मामले पर संज्ञान लेते हुए ट्रैफिक एसपी सागर कुमार झा ने जवान को तुरंत पटना जिला मुख्यालय बुलाने का आदेश दिया। अगले आदेश तक उन्हें ट्रैफिक ड्यूटी से हटा दिया गया है और संबंधित अधिकारियों को उनसे स्पष्टीकरण लेने व मामले की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि विभाग में अनुशासन, जवाबदेही और व्यवस्थित यातायात प्रबंधन सर्वोपरि है और हर कर्मी को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा।
गौरतलब है कि मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की भव्य शादी पटना जिले के नदावन गांव में आयोजित की गई थी, जो पूरे बिहार में सुर्खियों में रही। शाही सजावट, भव्य रोशनी और आलीशान इंतजामों के बीच हुए इस आयोजन में प्रदेश भर से कई नेता और मेहमान शामिल हुए थे। समारोह में उम्मीद से कहीं ज्यादा भीड़ उमड़ने के कारण इलाके में भारी जाम लग गया था, जिससे विधायकों और मंत्रियों सहित कई अतिथियों को घंटों तक सड़क पर फंसे रहना पड़ा।