पीडीए के नाम पर धन्नासेठों को तरजीह, मायावती ने आखिर क्यों बोला सपा के घोषणापत्र पर हमला
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच समाजवादी पार्टी द्वारा गुरुवार को जारी किए गए 'जन-मन का मेनिफेस्टो' पर सियासी घमासान तेज हो गया है। युवा, महिला, किसान और उद्यमियों को साधने वाले सपा के इन वादों पर विपक्षी खेमे से तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने जहां इस घोषणापत्र को कोरा हवाहवाई और 'थोथा चना बाजे घना' करार दिया, वहीं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख व यूपी सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर कानून-व्यवस्था और गुंडई के मुद्दे पर सीधा हमला बोला।
मायावती ने सोशल मीडिया पर पांच बिंदुओं के जरिए सपा के घोषणापत्र और कार्यशैली को घेरा। उन्होंने कहा कि सपा का यह प्रण-पत्र उनके कथित पीडीए की तरह ही खोखला है और इसका स्वभाव गरीब, दलित, पिछड़ों व मुस्लिमों के हितों के बजाय संकीर्ण, जातिवादी और धन्नासेठ-समर्थक रहा है। मायावती ने राज्यसभा के हालिया द्विवार्षिक चुनाव का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि पीडीए को आगे बढ़ाने के बजाय धन्नासेठों को प्राथमिकता दी गई, जिससे गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन और पलायन जैसी समस्याएं हल नहीं हो सकतीं। उन्होंने इस घोषणापत्र को 'धन-मन वादी' बताते हुए कहा कि इससे धनी और बाहुबली उम्मीदवारों को ही बढ़ावा मिलेगा, जबकि 'हर हाथ को काम' और 'कानून द्वारा कानून का राज' बसपा की नीतियां रही हैं, जिन्हें उनकी चारों सरकारों ने ईमानदारी से लागू किया। मायावती ने एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण को लेकर सपा के रुख तथा दंगों और जातिवादी द्वेष के आरोपों का हवाला देते हुए जनता को सपा के चुनावी वादों से सावधान रहने को कहा।
दूसरी ओर, ओमप्रकाश राजभर ने सपा के घोषणापत्र और अखिलेश यादव के बयानों पर तंज कसते हुए कहा कि सपा शासन में गुंडई और तांडव की बात पहले वे कहते थे, लेकिन अब अखिलेश ने खुद इसे स्वीकार कर लिया है। राजभर ने कहा कि होटल के हॉल में कसम खाने या गंगा किनारे खड़े होकर भी यह कहने से कि अपराध नहीं होगा, कोई भरोसा नहीं करेगा। उनके मुताबिक केवल नारे या वादे करने से अपराध नहीं रुकता, इसके लिए नीयत चाहिए जो अखिलेश यादव में नहीं है, साथ ही उन्होंने चुनाव में आमने-सामने आने की चुनौती भी दी।