अनंत सिंह की बेटी की शादी में घुड़दौड़ देखने आए शख्स की मौत, भीड़ बेकाबू होने पर रोकी गई थी रेस

अनंत सिंह की बेटी की शादी में घुड़दौड़ देखने आए शख्स की मौत, भीड़ बेकाबू होने पर रोकी गई थी रेस

बिहार के बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी के जश्न के बीच बाढ़ अनुमंडल के नदवां गांव से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। शादी समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित पारंपरिक घुड़दौड़ देखने आए एक व्यक्ति की भारी भीड़ और अफरा-तफरी के बीच तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अत्यधिक भीड़ के कारण अरविंद कुमार नामक व्यक्ति अचानक अचेत होकर गिर पड़ा, जिसके बाद स्थानीय लोगों और परिजनों द्वारा आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नदवां निवासी अरविंद कुमार के रूप में हुई है, जो बुधवार को घुड़दौड़ का मुकाबला देखने पहुंचे थे।

मोकामा के कद्दावर नेता अनंत सिंह की बेटी शिवांगी का विवाह पटना से सटे बिहटा निवासी ऋषिकेश के साथ संपन्न हुआ है, जिसकी भव्यता की चर्चा पूरे बिहार में हो रही है। शादी समारोह के साथ ही गांव में आयोजित विशाल घुड़सवारी प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी हुई थी। मैदान में उमड़ी लाखों की भीड़ को नियंत्रित करना प्रशासन और आयोजकों के लिए बेहद मुश्किल हो गया। उत्साह में कई दर्शक 33 हजार वोल्ट क्षमता वाले हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गए, जिससे बड़े हादसे का गंभीर खतरा पैदा हो गया और सुरक्षा के मद्देनजर अधिकारियों को रेस बीच में ही रोकनी पड़ी। अब इस प्रतियोगिता का फाइनल राउंड आज आयोजित किया जाएगा, जिसके विजेता को महिंद्रा थार गाड़ी पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी।

बेटी के वैवाहिक समारोह में अनंत सिंह का जबर्दस्त शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। नदवां गांव में हुए इस आयोजन में करीब 4 से 5 लाख लोगों के जुटने का अनुमान था, लेकिन जनसैलाब इतना विशाल था कि नदवां की ओर जाने वाले सभी रास्ते पूरी तरह चोक हो गए। इलाके में लगभग 10 किलोमीटर लंबा भीषण जाम लग गया, जिसमें बिहार विधानसभा अध्यक्ष समेत कई दिग्गज नेता और वीआईपी काफी देर तक फंसे रहे और कड़ी मशक्कत के बाद विवाह स्थल तक पहुंचे।

शादी में बारात का आगमन भी ऐतिहासिक रहा, जहां दूल्हा ऋषिकेश 151 गाड़ियों के विशाल काफिले के साथ नदवां पहुंचे, वहीं कई गणमान्य अतिथियों ने हेलीकॉप्टर से शिरकत की। बुधवार को घुड़सवारी प्रतियोगिता के दौरान बने बेकाबू माहौल के बाद अब बचे हुए फाइनल मुकाबले पर सबकी निगाहें हैं, जहां प्रतियोगिता के चैंपियन को चमचमाती थार गाड़ी सौंपी जाएगी।