सीवान में जेपी चौक पर जाम के बीच पुलिस का एक्शन प्लान, SP पूरन कुमार झा ने जारी किया वैकल्पिक रूट प्लान
बिहार बंद के दौरान सीवान के प्रमुख जेपी चौक पर प्रदर्शनकारियों द्वारा सड़क अवरुद्ध किए जाने के बाद पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड़ में आ गया है। सीवान पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था को बेपटरी होने से बचाने के लिए त्वरित कदम उठाए हैं।
पुलिस अधीक्षक (SP) पूरन कुमार झा के सख्त निर्देशों के बाद तत्काल प्रभाव से नया वैकल्पिक रूट प्लान लागू कर दिया गया है, जिससे आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
छोटे वाहनों के लिए सुरक्षित राह, गोपालगंज मोड़ और तरवारा मोड़ से डायवर्जन
एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि बंद के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा मार्ग बाधित किए जाने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला। शहर में दाखिल होने वाले और बाहर जाने वाले सभी छोटे वाहनों को पुलिस बल की कड़ी निगरानी और सहयोग से सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है। इसके साथ ही सभी चारपहिया एवं बड़े वाहनों के लिए रूट डायवर्ट किया गया है—उन्हें गोपालगंज मोड़ से बैसाखी मोड़ और तरवारा मोड़ होते हुए आगे भेजा जा रहा है। वहीं, गोपालगंज मोड़ की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को तरवारा और बैसाखी मोड़ के रास्ते बाईपास मार्ग पर मोड़ा गया है।
रेलवे स्टेशन यात्रियों के लिए ओवरब्रिज मार्ग अनिवार्य
ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए सीवान पुलिस ने रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले सभी वाहनों के लिए ओवरब्रिज मार्ग का उपयोग पूरी तरह अनिवार्य कर दिया है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बंद और प्रदर्शन के माहौल में भी स्टेशन आने-जाने वाले रेल यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा या देरी का सामना न करना पड़े।