प्रेमी के प्यार में पत्नी ने पार की हदें; खुद थाने पहुंच पति की दर्ज कराई गुमशुदगी, फिर खेत से मिला शव

प्रेमी के प्यार में पत्नी ने पार की हदें; खुद थाने पहुंच पति की दर्ज कराई गुमशुदगी, फिर खेत से मिला शव

बिहार के पूर्णिया जिले से अवैध प्रेम प्रसंग के चलते पति की नृशंस हत्या की दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पश्चिम बंगाल की रहने वाली एक महिला ने अपने बिहारी प्रेमी के साथ मिलकर शादी के रास्ते का कांटा बने पति को रास्ते से हटा दिया। शातिर महिला ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए खुद थाने पहुंचकर पति की गुमशुदगी की मनगढ़ंत रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन पूर्णिया पुलिस की गहन तकनीकी तफ्तीश ने महज 48 घंटे के भीतर इस सनसनीखेज साजिश का पर्दाफाश कर दिया। बायसी अनुमंडल क्षेत्र के अनगढ़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी और उसके 20 वर्षीय प्रेमी को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

एडिशनल एसपी जितेंद्र पाण्डेय ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पहचान 30 वर्षीय नयन दास के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के दालकोला थाना अंतर्गत भूररी गांव का रहने वाला था। हत्याकांड की साजिशकर्ता उसकी पत्नी मुस्कान कुमारी उर्फ दीपा और अनगढ़ गांव निवासी उसके कथित प्रेमी गुड्डू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। 17 नवंबर को मुस्कान ने अनगढ़ थाने में अपने पति के लापता होने की झूठी शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस ने जब संदेह के आधार पर गुड्डू को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने हत्या का सारा कच्चा-चिट्ठा खोलकर रख दिया।

आरोपी गुड्डू की निशानदेही पर पुलिस ने 18 नवंबर को पड़ोसी जिले किशनगंज के कोचाधामन थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर गांव के एक धान के खेत से नयन दास का लावारिस शव बरामद किया। पूछताछ में गुड्डू ने कबूल किया कि वह और मुस्कान एक-दूसरे से बेपनाह प्यार करते थे और शादी के बंधन में बंधना चाहते थे, जिसमें नयन दास बाधा बन रहा था। प्रेमिका के कहने पर गुड्डू ने अपने साथियों के साथ मिलकर नयन की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को सीमावर्ती किशनगंज जिले में फेंक दिया। अनगढ़ थानाध्यक्ष विकास कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए महज दो दिन में इस पेचीदा अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली और अब इस जघन्य अपराध में शामिल अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।