सिंगल चार्ज में पूरे 2 दिन चलेगी बैटरी! आ रहा है मोटोरोला का ये धांसू फोन, फ्लिपकार्ट पर टीजर लाइव

सिंगल चार्ज में पूरे 2 दिन चलेगी बैटरी! आ रहा है मोटोरोला का ये धांसू फोन, फ्लिपकार्ट पर टीजर लाइव

स्मार्टफोन बाजार में लंबी बैटरी लाइफ वाले फोन्स की मांग के बीच मोटोरोला एक नया दांव चलने जा रहा है। कंपनी भारत में जल्द ही अपना नया हैंडसेट Motorola Edge 70 Neo पेश कर सकती है। इस फोन को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट पर टीज कर दिया गया है, जिसके बाद से ही इसके भारत लॉन्च को लेकर हलचल तेज हो गई है। मोटोरोला पहले ही अपनी Edge 70 सीरीज के तहत Edge 70, Edge 70+, Edge 70 Pro, Edge 70 Fusion और Edge 70 Pro+ जैसे मॉडल भारतीय ग्राहकों के बीच उतार चुकी है, और अब इस पोर्टफोलियो में Neo मॉडल की एंट्री होने जा रही है।

फ्लिपकार्ट पर लाइव हुए टीजर से हैंडसेट के बैक पैनल की पहली झलक सामने आई है। फोन का लुक सीरीज के अन्य मॉडल्स से काफी मिलता-जुलता है। रियर पैनल पर चौकोर कैमरा मॉड्यूल दिया गया है, जिसमें दो कैमरे मौजूद हैं। यह डिवाइस डार्क ग्रीन शेड और प्रीमियम मैट फिनिश के साथ नजर आया है। इससे पहले सामने आए लीक्स में इसे लाइट ब्लू और पिंक कलर ऑप्शन में भी देखा गया था।

डिस्प्ले और परफॉर्मेंस के मामले में मोटोरोला इस डिवाइस को दमदार बनाने की तैयारी में है। फोन में 6.78-इंच का 1.5K डिस्प्ले मिल सकता है, जो 144Hz हाई रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करेगा। स्क्रीन की मजबूती के लिए इसमें कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 7i का प्रोटेक्शन मिलने की संभावना है। स्पीड और मल्टीटास्किंग के लिए फोन में ऑक्टा-कोर Qualcomm Snapdragon 7s Gen 3 चिपसेट दिया जा सकता है, जो SM7635 मॉडल नंबर के साथ आता है। इसे 8GB व 12GB LPDDR5X रैम के अलावा 128GB और 256GB UFS 3.1 स्टोरेज वेरिएंट्स में पेश किए जाने की चर्चा है। गीकबेंच लिस्टिंग के मुताबिक, फोन में 6GB रैम वेरिएंट और लेटेस्ट Android 16 आउट-ऑफ-द-बॉक्स देखने को मिल सकता है।

फोटोग्राफी के लिए इसके बैक में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया जाएगा, जिसमें 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर और 2 मेगापिक्सल का मैक्रो सेंसर शामिल रहने की उम्मीद है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के शौकीनों के लिए फ्रंट में 32 मेगापिक्सल का कैमरा दिया जा सकता है। इस हैंडसेट की सबसे बड़ी खूबी इसकी 7,000mAh की विशाल बैटरी होगी, जो 45W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट के साथ आ सकती है। इतनी बड़ी बैटरी के दम पर यह फोन सिंगल चार्ज में आसानी से दो दिन तक का बैकअप देने की क्षमता रखेगा।