राहुल गांधी से बदसलूकी पर नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता, शिमला में किया विरोध प्रदर्शन

img
शिमला, 02 अक्टूबर यूपी किरण। उत्तर प्रदेश की हाथरस की घटना व कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के साथ बदसलूकी की आलोचना करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को राजधानी शिमला में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से उपायुक्त कार्यालय तक नारेबाजी करते हुए आक्रोश रैली भी निकाली। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने उत्तर प्रदेश सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा के शासन में जंगल राज चल रहा है, जहां लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है।
कांग्रेस वक्ताओं ने कहा कि आज पूरा विश्व महात्मा गांधी की शिक्षाओं का अनुसरण कर रहा है, वहीं गांधी के देश में बहु बेटियों को सरेआम बेइज्जत किया जा रहा है। कांग्रेस भाजपा की दमनकारी नीतियों से न तो डरेगी और न ही इसके आगे कभी झुकेगी।
नए कृषि कानून की भी कड़ी आलोचना करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार ने किसनों पर भी एक काला कानून थोप दिया है। इस नए कानून से देश का किसान अपनी फसल को मजबूरी में बड़े व साहूकारों को सस्ते दामों में बेचने पर विबश होगा।
उन्होंने कहा कि इस कानून में कहीं भी सरकारी खरीद या एमएसपी का कोई उल्लेख नहीं है। देश का किसान चिन्ता में है। केंद्र सरकार उनकी किसी भी चिंता को दूर नही कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश के किसानों के साथ खड़ी है और उनके साथ हो रहे अन्याय की लड़ाई को लड़ रही है और यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी जबतक की यह कानून वापिस नही लिए जाते।
इससे पूर्व प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने राजीव भवन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व.लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान शिमला जिला कांग्रेस कमेटी शहरी के अध्यक्ष जितेंद्र चैधरी ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता की उपस्थित पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को शपथ दिलवाई।

 

Related News