कांग्रेस प्रवक्ता का बयान, सुशांत सिंह मौत मामले में महाराष्ट्र और मुंबई पुलिस को बदनाम करने वालों की हो जांच

img
मुंबई, 03 अक्टूबर यूपी किरण। महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि सुशांत सिंह मौत मामले की साजिश कर महाराष्ट्र को बदनाम करने वालों की गहन जांच की जानी चाहिए। इस मामले में एम्स के डॉ. सुधीर गुप्ता ने सुशांत की आत्महत्या होने की पुष्टि कर दी है। एम्स की रिपोर्ट से मुंबई पुलिस की जांच सही दिशा में थी, यह साबित हो गया है।
   
सचिन सावंत ने कहा कि सुशांत सिंह मौत मामले की जांच मुंबई पुलिस प्रोफेशनल तरीके से कर रही थी, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने बिहार चुनाव में इस मौत का राजनीतिक लाभ लेने के लिए साजिश की। इसके बाद इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की गई और सर्वोच्च न्यायालय ने मामले की जांच सीबीआई को सौंप दिया। उस समय सीबीआई ने माना था कि मुंबई पुलिस प्रोफेशनल तरीके से इस मामले की जांच कर रही थी। सचिन सावंत ने कहा कि इस मामले की जांच कर रही सीबीआई ने सुशांत की मौत के संदर्भ में एम्स के डॉक्टरों की रिपोर्ट मांगी थी। एम्स के डॉक्टरों ने सुशांत की मौत का कारण आत्महत्या ही बताया है। इसलिए इस मामले पर महाराष्ट्र और मुंबई पुलिस की बदनामी करने वालों की जांच करना आवश्यक है।
सावंत ने कहा कि गृहमंत्री को विशेष एसआईटी का गठन कर साजिश करने वालों की जांच करवानी चाहिए, जिससे महाराष्ट्र और मुंबई पुलिस की बदनामी करने का साहस फिर से कोई न कर सके।

 

Related News