परिवार के खिलाफ जाकर की कोर्ट मैरिज, अब छोड़कर चली गई पत्नी, बच्ची को लेकर भटक रहा पिता

img

नयी दिल्ली। एक शख्स ने परिवार के खिलाफ जाकर शादी की। अब उसकी पत्नी छोड़कर चली गई। पति अपनी दो माह की दुधमुंही बच्ची को लेकर अफसरों के  पास पहुंचा तो पुलिस ने उसकी पत्नी को बुलवाया जहां उसने पति के साथ रहने और बच्ची को भी अपनाने से इंकार कर दिया। मामला हरियाणा के यमुनानगर का है।

yamunanaga

2019 में की थी कोर्ट मैरिज

गढ़ी मुंडो निवासी मनीष ने वर्ष 2019 में हमीदा निवासी प्रीती से कोर्ट मैरिज किया था। दोनों के परिवार वाले इस रिश्ते के खिलाफ थे। शिकायत तक थाने में दी गई, लेकिन प्रीती के बालिग होने की वजह से कोई कुछ नहीं कर सका। इसके बाद से ही मनीष व प्रीती दोनों किराये के मकान में गोबिदपुरा में रहने लगे। दो माह पहले प्रीती ने बेटी को जन्म दिया। सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था। दो दिन पहले मनीष ने मकान बदला और दूसरी जगह पर सामान शिफ्ट कर लिया। इसी बीच उसकी पत्नी घर से कपड़े व अपने दस्तावेज लेकर चली गई। मनीष को भी इस बारे में कुछ नहीं बताया। पहले लगा ससुराल वाले जबरन ले गए।

मनीष का कहना है कि उसका पत्नी प्रीती के साथ कोई विवाद नहीं हुआ था। दोनों खुशी से रह रहे थे। रविवार की शाम को प्रीती घर से चली गई। पहले पता लगा कि ससुराल वाले उसे नौकरी लगवाने का झांसा देकर ले गए हैं। ससुराल वालों से बात की, तो उन्होंने प्रीती से बात नहीं करने दी। अब नवजात उसके पास है। वह उसे कैसे संभाले। परेशान होकर एसपी को शिकायत दी।

पुलिस ने प्रीती को बुलवाया, तो उसके तेवर अलग थे। उसने बच्ची को गोद तक में लेकर नहीं देखा। अब उसने साथ रहने और बच्ची को भी अपनाने से इंकार कर दिया। अब वह बच्ची को लेकर घूम रहा है। मनीष का कहना है कि अब उसके साथ कोई नहीं है। परिवार वाले पहले ही दूर हो चुके हैं। प्रेम विवाह के बाद उसकी बात नहीं हुई। जबकि प्रीती अपने परिवार के संपर्क में रही। उन्होंने ही उसे बहलाया है।

Related News