मगरमच्छ ने बच्चे को निगला, ग्रामीणों ने किया ये काम, बोल रहे हैं- बच्चे को उगलेगा तभी छोड़ेंगे

img

मध्यप्रदेश,श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला वाकया सामने आया है। यहां चंबल नदी में नहा रहे एक सात साल के बच्चे को मगरमच्छ ने निगल लिया है। बताया जा रहा है कि जब इसकी खबर ग्रामीणों को लगी तो उन्होंने मगरमच्छ को रस्सी से बांध लिया और उसके मुंह में एक मोटा बांस फंसा दिया। अब ग्रामीण मगरमच्छ द्वारा बच्चे को उगलने का इंतजार कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चा मगरमच्छ के पेट में है और जब तक वह उसे उगल नहीं देता तब तक वे लोग मगरमच्छ को नहीं छोड़ेंगे। उधर वन विभाग का कहना है कि मगरमच्छ बच्चे पर हमला तो कर सकता है लेकिन उसे निगल नहीं सकता है।

ये पूरा मामला श्योपुर जिले के रघुनाथपुर क्षेत्र के रीझेटा घाट का बताया जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार की सुबह लक्ष्मण सिंह केवट का बेटा अंतर सिंह चंबल नदी में नहाने गया था तभी मगरमच्छ उसे खींचकर नदी में ले गया। इस घटना को वहां नहा रहे अन्य लोगों ने देखा। इसके बाद उन्होंने आनन-फानन में इसकी जानकारी बच्चे के परिजन और ग्रामीणों को दी जिस पर वे सब हाथों में लाठी-डंडा कर लेकर नदी पर पहुंच गए।

उन्होंने जाल के सहारे मगरमच्छ को नदी से निकाला और रस्सी से बांध दिया। जैसे ही इसकी खबर घड़ियाल विभाग की टीम को मिली तो वे भी मगरमच्छ को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाने के लिए मौके पर पहुंच गए। टीम ने ग्रामीणों को समझाया कि मगरमच्छ बच्चे पर हमला कर सकता है लेकिन उसे निगल नहीं सकता, लेकिन ग्रामीणों ने विभाग के कर्मचारियों की कोई बात नहीं सुनी और मगरमच्छ को छोड़ने से साफ़ मना कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चा मगरमच्छ के पेट में है और जब तक वह उसे उगलेगा नहीं वे लोग उसे नही छोड़ेंगे।

Related News