img

Up Kiran, Digital Desk: एक हैरान करने वाली घटना में शादी के महज 8 महीने बाद ही पति ने अपनी पत्नी पर तेजाब डाल दिया। वजह चौंकाने वाली है। पत्नी अपने भाई की मंगनी यानी छेका में मायके जाना चाहती थी। बस इसी बात पर पति इतना भड़क गया कि उसने बैट्री वाला खतरनाक तेजाब लाकर पत्नी के ऊपर उड़ेल दिया।

पीड़िता का नाम प्रियंका है। उसके चेहरे, सीने और पेट सहित शरीर का 30 फीसदी से ज्यादा हिस्सा बुरी तरह जल गया। घटना 3 दिसंबर की है और जगह है मुजफ्फरपुर का अमर सिनेमा रोड जो नगर थाना क्षेत्र में आता है। गुस्साए पति अर्जुन कुमार ने पहले झगड़ा किया फिर तेजाब ले आया और सोते हुए प्रियंका पर डाल दिया।

प्रियंका ने जैसे-तैसे मायके वालों को फोन किया। परिवार वाले दौड़े आए और उसे सीधे श्री कृष्णा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया। पांच दिन से प्रियंका वहीं जिंदगी और मौत से लड़ रही है। जख्म धीरे-धीरे भर रहे हैं लेकिन पुलिस अब तक उसका बयान तक दर्ज नहीं कर पाई है।

इंसाफ के लिए थाने में कई दिनों से काट रहे चक्कर

परिजनों का गंभीर आरोप है कि एसकेएमसीएच ओपी की पुलिस जानबूझकर टालमटोल कर रही है। प्रियंका के पिता ने बताया कि चार-पांच दिन से थाने के चक्कर काट रहे हैं लेकिन पुलिस कहती है बयान नहीं लेंगे, जहां जाना है जाओ। आखिरकार थक हारकर उन्होंने वकील से बात की और मंगलवार को कोर्ट में सीधे परिवाद दाखिल करने जा रहे हैं।

प्रियंका ने परिवार को बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल में उसका जीना मुश्किल कर दिया गया था। छोटी-छोटी बातों पर मारपीट होती थी। इस बार सिर्फ भाई की मंगनी में जाने की जिद ने इतना बड़ा हादसा करा दिया।

फिलहाल प्रियंका की हालत स्थिर है लेकिन न्याय की आस में उसका पूरा परिवार परेशान घूम रहा है। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगने के बाद भी अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।