KKK 15: फिनाले की दहलीज पर टूटी रुहानिका धवन की हिम्मत, मगरमच्छ वाले स्टंट से बाहर; ये हैं टॉप-6 फाइनलिस्ट

KKK 15: फिनाले की दहलीज पर टूटी रुहानिका धवन की हिम्मत, मगरमच्छ वाले स्टंट से बाहर; ये हैं टॉप-6 फाइनलिस्ट

रोहित शेट्टी के मशहूर स्टंट बेस्ड रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 15' का सफर अपने सबसे रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। सेमी-फाइनल वीक में जैस्मिन भसीन के एलिमिनेशन के बाद अब टीवी की चहेती अदाकारा रुहानिका धवन भी ट्रॉफी की रेस से बाहर हो गई हैं।

महज 18 साल की उम्र में खूंखार स्टंट्स और जांबाजी से दर्शकों का दिल जीतने वाली रुहानिका का सफर ग्रैंड फिनाले से ठीक एक कदम पहले थम गया। पूरे सीजन अपनी बेमिसाल हिम्मत और जुझारूपन के लिए पहचानी जाने वाली रुहानिका के इस तरह अचानक बाहर होने से उनके लाखों फैंस बेहद मायूस हैं, जो उन्हें विनर की ट्रॉफी के साथ देखना चाहते थे।

रोहित शेट्टी ने की तारीफ, मगरमच्छ वाले स्टंट में फरहाना भट्ट से हारीं बाजी

एलिमिनेशन राउंड में रुहानिका धवन का सीधा मुकाबला एक्ट्रेस फरहाना भट्ट के साथ मगरमच्छ वाले बेहद खौफनाक और जटिल स्टंट में हुआ था। दबाव और डर के चलते रुहानिका इस निर्णायक टास्क को पूरा नहीं कर सकीं और उन्होंने इसे बीच में ही छोड़ दिया, जबकि फरहाना भट्ट ने संयम दिखाते हुए टास्क पूरा कर सुरक्षित जगह बना ली। शो से विदाई लेते समय होस्ट रोहित शेट्टी ने रुहानिका के हौसले की जमकर तारीफ की और कहा कि इतनी कम उम्र में हर मुश्किल टास्क को डटकर अंजाम देना अपने आप में काबिले-तारीफ है।

रित्विक धनजानी के फैसले ने बढ़ाया सस्पेंस, रुबीना से भी पिछड़ी थीं रुहानिका

सेमी-फाइनल की शुरुआत में ही शो के कप्तान रित्विक धनजानी को अपनी टीम से दो लोगों को 'फियर फंदा' देने का कड़ा फैसला लेना पड़ा था। 'पवित्र रिश्ता' फेम एक्टर ने रणनीतिक तौर पर रुबीना दिलैक और रुहानिका धवन का नाम आगे किया। इसके बाद हुए ट्रक स्टंट में रुबीना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11 झंडे एकत्र किए, जबकि रुहानिका महज 6 झंडे ही निकाल सकीं। हालांकि रुहानिका ने यह टास्क समय से पहले खत्म किया था, लेकिन कम झंडे होने की वजह से वह बॉटम में रह गईं और उन्हें मगरमच्छ वाले एलिमिनेशन राउंड में जाना पड़ा।

जानिए कब और कहां देख सकेंगे 'खतरों के खिलाड़ी 15' का ग्रैंड फिनाले

सेमी-फाइनल मुकाबले में करण वाही, रुबीना दिलैक, ऋत्विक धनजानी, अविनाश मिश्रा, हर्ष गुजराल, फराना भट्ट, ओरी और रूहानिका धवन के बीच जोरदार जंग देखने को मिली थी। अब शो को अपने टॉप-6 फाइनलिस्ट मिल चुके हैं, जिनमें रुबीना दिलैक, फरहाना भट्ट, अविनाश मिश्रा, ओरी, हर्ष गुजराल और रित्विक धनजानी शामिल हैं। रोहित शेट्टी इस सीजन के फिनाले को पहले से कहीं ज्यादा खतरनाक और मनोरंजक बनाने के लिए तैयार हैं। 'खतरों के खिलाड़ी 15' का ग्रैंड फिनाले रविवार, 4 अक्टूबर को रात 9 बजे कलर्स टीवी पर प्रसारित होगा, जबकि दर्शक इसे ऑनलाइन जियो हॉटस्टार पर भी लाइव स्ट्रीम कर सकेंगे।