दुनिया की सबसे बड़ी पक्षी मूर्ति देखने केरल पहुंच सकते हैं PM मोदी, 'रामायण' की चर्चा के बीच जटायु पार्क सुर्खियों में
बॉलीवुड फिल्म 'रामायण' की चर्चाओं के बीच केरल के कोल्लम जिले में स्थित मशहूर 'जटायु अर्थ सेंटर' एक बार फिर वैश्विक पटल पर छा गया है। इस भव्य पर्यटन स्थल पर जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे की संभावना जताई जा रही है। केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने इस संभावित यात्रा के संकेत दिए हैं। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री के आगमन से पहले केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत खुद कोल्लम पहुंचकर इस ऐतिहासिक स्थल का मुआयना करेंगे। सुरेश गोपी ने बताया कि केंद्रीय मंत्री शेखावत ने दो दिन पहले ही जटायु अर्थ सेंटर के शिल्पकार राजीव आंचल से मुलाकात की थी और आगामी दिल्ली बिनाले में जटायु प्रतिमा के मॉडल को प्रदर्शित करने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद यह पूरा प्रस्ताव प्रधानमंत्री के संज्ञान में भी लाया गया है।
केरल के कोल्लम जिले के चदयामंगलम गांव में 65 एकड़ के विशाल भूभाग में फैला यह पार्क अपनी अनूठी बनावट के लिए जाना जाता है। यहां स्थापित जटायु की विशालकाय प्रतिमा 200 फीट लंबी, 150 फीट चौड़ी और 70 फीट ऊंची है, जिसे विश्व की सबसे बड़ी पक्षी प्रतिमा का दर्जा हासिल है। फिल्म निर्देशक और मूर्तिकार राजीव आंचल के विजन से तैयार इस अनोखे इको-टूरिज्म प्रोजेक्ट को साल 2004 में प्रशासनिक मंजूरी मिली थी और इसे तराशने में पूरे 10 साल का वक्त लगा था। पौराणिक मान्यताओं के मुताबिक, जब लंकापति रावण माता सीता का हरण करके ले जा रहा था, तब वीर जटायु ने आकाश में उससे भीषण युद्ध लड़ा था। रावण के वार से घायल होकर जटायु चदयामंगलम की इसी पहाड़ी चोटी पर गिरे थे और प्रभु श्री राम को पूरी घटना की जानकारी देने के बाद उन्होंने यहीं अपने प्राण त्यागे थे।
पौराणिक इतिहास और प्राकृतिक खूबसूरती का अद्भुत संगम होने के कारण यहां पहुंचना पर्यटकों के लिए बेहद आसान है। हवाई मार्ग से आने वाले सैलानियों के लिए सबसे नजदीकी हवाई अड्डा तिरुवनंतपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट है, जहां से सड़क मार्ग के जरिए लगभग 50 से 55 किलोमीटर का सफर तय कर चदयामंगलम पहुंचा जा सकता है। रेल मार्ग के विकल्प के तौर पर कोल्लम जंक्शन सबसे मुफीद रेलवे स्टेशन है, जो यहां से मात्र 37 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और जहां से नियमित टैक्सियां और बसें संचालित होती हैं। इसके अलावा सड़क मार्ग से यह दर्शनीय स्थल तिरुवनंतपुरम से करीब 50 से 55 किलोमीटर, कोल्लम शहर से 37 किलोमीटर और कोच्चि से लगभग 150 से 160 किलोमीटर की दूरी पर मौजूद है।