अरशद वारसी का खौफनाक डाकू अवतार! 'घमासान' का टीजर आउट
ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 ने अपनी बहुप्रतीक्षित ओरिजिनल फिल्म 'घमासान' का टीजर रिलीज कर दिया है। क्राइम और एक्शन से भरपूर इस फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक तिग्मांशु धूलिया ने किया है। टीजर में मध्य भारत के बीहड़ों की पृष्ठभूमि पर कानून और अपराध के बीच छिड़ने वाली जबरदस्त जंग की झलक दिखाई गई है।
फिल्म में प्रतीक गांधी एक ईमानदार और निडर आईपीएस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि अरशद वारसी पहली बार एक खतरनाक डाकू सरगना 'महाराज' के किरदार में नजर आएंगे। दोनों के बीच होने वाला टकराव फिल्म की सबसे बड़ी खासियत माना जा रहा है।
क्या है फिल्म की कहानी
'घमासान' की कहानी मध्य भारत के बीहड़ों में घटित होती है, जहां अपराध, राजनीति, जातिगत समीकरण और सत्ता का गहरा प्रभाव देखने को मिलता है। टीजर में भय, हिंसा और सत्ता के संघर्ष का माहौल साफ नजर आता है।
कहानी का केंद्र एक ईमानदार पुलिस अधिकारी और इलाके में आतंक का पर्याय बन चुके डाकू सरगना के बीच की सीधी भिड़ंत है। फिल्म में कानून और अपराध के बीच चलने वाले संघर्ष को रोमांचक अंदाज में पेश किया गया है।
दमदार स्टारकास्ट बढ़ाएगी फिल्म का आकर्षण
प्रतीक गांधी और अरशद वारसी के अलावा फिल्म में राजपाल यादव और इशिता दत्ता भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। अलग-अलग किरदारों के जरिए फिल्म सामाजिक और राजनीतिक हालात की भी झलक दिखाने की कोशिश करती है।
फिल्म का निर्माण जियो स्टूडियोज और गोल्डन रेशियो फिल्म्स ने किया है। वहीं निर्देशन की जिम्मेदारी तिग्मांशु धूलिया ने संभाली है, जो इससे पहले भी कई चर्चित फिल्मों और वेब सीरीज का निर्देशन कर चुके हैं।