टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: हमले से पहले मुंबई में ली थी शूटिंग ट्रेनिंग, अंधेरी के होटल में हुआ था मिसफायर
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए गोलीबारी मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस की पूछताछ में आरोपियों को लेकर कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने से ठीक पहले शूटरों ने बाकायदा हथियारों की टेस्टिंग की थी। आरोपियों ने मुंबई से सटे एक सुनसान इलाके में बंदूक चलाकर निशाना साधने का अभ्यास किया था, ताकि वारदात के वक्त हथियार में कोई रुकावट न आए। पूछताछ में यह पुष्टि हुई है कि इस रिहर्सल के दौरान एक आरोपी ने दो राउंड और दूसरे ने एक राउंड फायर कर असलहे के सटीक काम करने की तस्दीक की थी।
जांच में सबसे हैरान करने वाली बात यह निकलकर आई कि प्रैक्टिस के बाद जब आरोपी अंधेरी स्थित अपने होटल के कमरे में ठहरे थे, तब वहां हथियार संभालते वक्त अचानक मिसफायर हो गया। कमरे के भीतर चली यह गोली सीधे बिस्तर में जा धंसी, लेकिन गनीमत रही कि गोली की आवाज बाहर नहीं गई और होटल स्टाफ या आसपास के लोगों को इस गड़बड़ी की भनक तक नहीं लगी। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद दोनों शूटर सीधे गुजरात के सूरत भाग गए थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों ने पकड़े जाने से बचने के लिए हमले में इस्तेमाल पिस्टल और अपने मोबाइल फोन सूरत में ही किसी अज्ञात ठिकाने पर छिपा दिए थे। फिलहाल मुंबई पुलिस की विशेष टीम सूरत स्थानीय पुलिस के साथ तालमेल बैठाकर बताए गए संदिग्ध ठिकानों पर हथियार और मोबाइल बरामद करने के लिए सघन तलाशी अभियान चला रही है।