img

राजधानी दिल्ली एक बार फिर से शर्मसार हुई जब रात के करीब 1 बजे के सुनसान दिल्ली की सड़कों पर एक कार तेजी से दौड़ती है और इस कार से किसी के चिल्लाने की आवाज आती है। मदद के लिए पुकारती उन चीखों ने रात के सन्नाटे को चीर कर रख दिया था और यह बात किसी और की नहीं बल्कि एक लड़की की थी जिसका अपहरण किया गया। यह हैरान कर देने वाली घटना दिल्ली के कोटला मुबारकपुर इलाके की है जहां रविवार रात को लगभग 01:00 बजे कार सवार बदमाशों ने लड़की का अपहरण किया।

इस घटना की सूचना से दिल्ली से लेकर नोएडा तक हड़कंप मच गया है। रातभर दिल्ली पुलिस उस कार की तलाश में यहां से वहां दौड़ती रही, लेकिन कार का कुछ पता नहीं चल सका। फिलहाल दिल्ली पुलिस मामले में नोएडा पुलिस के संपर्क में है। पुलिस अब कार और लड़की की तलाश में जुटी हुई है। लड़की कौन थी, पुलिस के लिए यह अभी भी एक पहेली बनी हुई है।

पुलिस अफसरों के मुताबिक, रात सवा 01:00 बजे पीसीआर को एक फोन आया। फोन करने वाले शख्स ने पुलिस को बताया कि एक कार में एक लड़की को जबरन ले जाया जा रहा है। कार में बैठे लोग लड़की को लेकर साउथ एक्स पार्ट वन से एम्स होते हुए आईएनए की ओर गए हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस की एक टीम साउथ एक्स पार्ट वन पहुंची।

अफसरों ने वहां खड़े लोगों से पूरी घटना के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उसने पुलिस को बताया कि आईटेन ग्रे कार एक लड़का ड्राइव कर रहा था। कार में दो लड़कियां बैठी थी। इनमें से एक लड़की कार की आगे की सीट पर थी और दूसरी लड़की पीछे की सीट पर बैठी हुई थी। कार की पिछली सीट पर भी एक लड़का बैठा हुआ था, जिसने लड़की को पकड़ रखा था।  फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

--Advertisement--