img

नई दिल्ली। आरसे बाद रविवार को रामलीला मैदान खचाखच भरा है। भीड़ की तादाद लाखों में है।I.N.D.I.A गठबंधन की महारैली में इंडिया गठबंधन के सभी घटक दलों के नेता मौजूद रहे। महारैली को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़के, सपा नेता अखिलेश यादव, आरजेडी से लालू यादव व तेजश्री यादव, जम्मू काश्मीर से मुफ्ती महबूबा, फ़ारुक़ अब्दुल्ला समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। विपक्षी नेताओं ने इस महारैली में 'तानाशाही हटाओ, लोकतंत्र बचाओ' का नारा दिया।

महारैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव में मैच फिक्सिंग की जा रही है। कांग्रेस के बैंक अकाउंट बंद कर दिए गए हैं। राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान ऐसा किया जा रहा है। हमारे सारे संसाधनों को बंद कर दिया गया। ऐसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कुछ करोबारी मिलकर कर रहे हैं। ये कैसा चुनाव हो रहा है? नेताओं को जेल में डाला जाता है। राहुल गांधी ने कहा कि सत्ता के दम पर कुछ भी कर लें परिवर्तन का आगाज आज हो उठा है।  

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि चुनाव में मैच फिक्सिंग करने की कोशिश की जा रही है। ये काम पीएम मोदी और हिंदुस्तान के 3-4 सबसे बड़े अरबपति मिलकर कर रहे हैं।  खरगे ने कहा कि हिंदुस्तान के संविधान को हिंदुस्तान की गरीब जनता के हाथ से छीनने के लिए ये मैचफिक्सिंग की जा रही है। उन्होंने  कहा कि ये संविधानहिंदुस्तान की जनता की आवाज है। बीजेपी हिंदुस्तान की आवाज को नहीं दबा सकती।

महारैली को संबोधित करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि देश का लोकतंत्र खतरे में है। बीजेपी वाले क्या समझते हैं, इसको भी अंदर खत्म कर दो, उसको भी अंदर कर दो, ये नेता फ्रीज़ कर दो, क्या आप ऐसे जीत जाएंगे? मान ने कहा कि हुकूमत वो करते हैं जिनका दिलों पर राज होता है। यूं कहने को तो मुर्गों के सिर पर ताज होता है। इस मौके पर मान ने कल्पना सोरेन और सुनीता केजरीवाल की तारीफ़ की। मान ने कहा कि बीजेपी अरविंद केजरीवाल को तो गिरफ्तार कर लेगी, लेकिन आप उनकी सोच को कैसे गिरफ्तार करेंगे? अरविंद केजरीवाल सोच का नाम है।

इस मौके पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि आज हम दिल्ली आए हैं। सुना है दिल्ली वाले आज दिल्ली से बाहर गए हैं। दिल्ली से जो आज बाहर जा रहे हैं वो हमेशा-हमेशा के लिए बाहर जा रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी जो 400 पार का नारा दे रही है। अगर आप 400 पार हो रहे थे तो आम आदमी पार्टी के नेता से आपको घबराहट किस बात की है? अखिलेश यादव ने कहा कि जिस लोकतंत्र के लिए दुनिया में भारत का सम्मान होता था, आज बीजेपी के लोगों ने उसी भारत की दुनिया में थूं-थूं करवाई है। बीजेपी के 10 साल का कार्यकाल आप देखोगे तो ये ब्रह्मांड की सबसे झूठी पार्टी  है।

जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला ने विपक्षी पार्टियों की एकता पर जोर दिया। फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन जैसे गिरफ्तार किए गए सभी नेता तब मुक्त होंगे, जब आप सभी संविधान को पकड़ लेंगे। इस सरकार को हटाने के लिए चुनाव के समय बटन दबाएं। हम सभी को एक साथ चलना होगा। इसी तरह पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा कि आज लोगों को बिना किसी जांच के जेल में डाला जा रहा है। यह 'कलयुग का अमृत काल' है।

महारैली को संबोधित करते हुए टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) भारत गठबंधन का हिस्सा थी, है और रहेगी। यह बीजेपी बनाम लोकतंत्र की लड़ाई है। वहीँ आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि देश में आघोषित इमरजेंसी लगी है।  तेजस्वी यादव ने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई और गरीबी देश की सबसे बड़ी दुश्मन है। प्रधानमंत्री मोदी ने कोई नौकरी नहीं दी, सब कुछ का निजीकरण कर दिया। बीजेपी की नीतियों के चलते आज किसान तबाह हैं, युवा परेशान हैं लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के पास किसानों से मिलने का समय ही नहीं है। 

--Advertisement--