लखीमपुर खीरी कांड के दोषियों पर कार्रवाई न हुई तो करेंगे आत्मदाह: केके शर्मा

img

लखनऊ। लखीमपुर खीरी किसान नरसंहार सरकार द्वारा सुनियोजित नरसंहार है और यह किसी भी मामले में जलियाँवाला बाग कांड से कम नहीं है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) और इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार इस दुर्भाग्यजनक घटना पर खेद व्यक्त कर चुके हैं और इसकी निंदा कर चुके हैं। सरकार किसानों पर कितना भी जुल्म कर ले वो उनकी आवाज को नहीं दबा पायेगी।

ncp

ये बातें एनसीपी के राष्ट्रीय महासचिव केके शर्मा ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि एनसीपी की माँग है कि 15 दिन के भीतर अगर दोषियों को गिरफ़्तार नहीं किया जाता तो आज से 15 दिन बाद मैं स्वंय और पार्टी के प्रदेश, अध्यक्ष उमाशंकर यादव, राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर पारसनाथ तिवारी, प्रदेश महासचिव अब्दुल बासित विधानसभा के सामने लोक भवन पर आत्मदाह कर लेंगे।

श्री शर्मा ने कहा कि आज देश का अन्नदाता, मेहनतकश किसान काफी डरा हुआ है। ये वही महान देश भारत है जो कृषि प्रधान देश कहलाता है और जहाँ का किसान दुखी है। लखीमपुर खीरी नरसंहार इसका जीता जागता उदाहरण है। उन्होंने कहा नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार को किसानों की काफी चिन्ता है। उनके द्वारा किसानों के हित में अनेक कार्य किए गए हैं। केन्द्रीय कृषि मंत्री रहते उन्होंने किसानों के 70,000 करोड़ रूपए माफ किए थे। उन्होंने किसानों के हित में आयात-निर्यात से सम्बन्धित भी कई साहसिक फैसले लिए थे।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष उमाशंकर यादव ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) किसानों के साथ आखिरी दम तक रहेगी। किसी भी व्यक्ति या किसान का जीवन अमूल्य है। लखीमपुर खीरी में जिन किसानों का नरसंहार हुआ है, जब तक उन्हें पूर्ण रूप से न्याय नहीं मिलेगा तब तक राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) उनके हित में लड़ाई लड़ती रहेगी और पीड़ित किसानों को न्याय दिलाकर ही दम लेगी। इस मौके पर विधि विभाग चेयरमैन गंगा सिंह, अनुसूचित जाति/जनजाति प्रदेश अध्यक्ष महेश गौतम, प्रदेश महासचिव नवीन निश्चल निगम, प्रदेश महासचिव रामप्रीत शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रवण कुमार अवस्थी व अन्य लोग महजूद थे।

Related News