दो दिन पहले राष्ट्रपति ने लिया था हालचाल, आज उठी मां की अर्थी; अर्जुन मुंडा का दर्द छलक पड़ा
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का सोमवार सुबह 91 साल की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं। दो दिन पहले ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने फोन पर अर्जुन मुंडा से बात कर उनकी मां के स्वास्थ्य का हालचाल लिया था। मां के निधन से भावुक अर्जुन मुंडा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि उनके जाने से मां के प्यार और जीवन के सबसे मजबूत सहारे का साया उठ गया है, जिनके साथ से हर मुश्किल आसान और हर पीड़ा कम लगती थी। उन्होंने बताया कि उनकी मां का अंतिम संस्कार सोमवार को ही किया जाएगा।
सायरा मुंडा के निधन पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्यपाल संतोष गंगवार समेत कई नेताओं ने गहरा दुख प्रकट किया है। हेमंत सोरेन ने अर्जुन मुंडा को अपना बड़ा भाई बताते हुए संवेदना व्यक्त की और लिखा कि मां के जाने की भरपाई जीवन में संभव नहीं है। उन्होंने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को संबल देने की प्रार्थना की। वहीं राज्यपाल संतोष गंगवार ने भी शोक संदेश जारी कर दुख की इस घड़ी में अर्जुन मुंडा और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई।
अर्जुन मुंडा झारखंड की राजनीति के प्रमुख आदिवासी चेहरों में गिने जाते हैं। 3 मई 1968 को जमशेदपुर में गणेश मुंडा और सायरा मुंडा के यहां जन्मे अर्जुन मुंडा ने स्कूलिंग जमशेदपुर में करने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से स्नातक और इग्नू से समाजशास्त्र में पीजी डिप्लोमा किया। उन्होंने 1980 के दशक में अलग झारखंड आंदोलन के साथ सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की और झामुमो के टिकट पर 1995 में महज 27 वर्ष की आयु में खरसावां से पहली बार विधायक बने। वर्ष 2000 में भाजपा से जुड़ने और खरसावां से दोबारा विधायक चुने जाने के बाद, अलग झारखंड राज्य के गठन पर बाबूलाल मरांडी सरकार में उन्हें समाज कल्याण मंत्री बनाया गया। मार्च 2003 में मरांडी के इस्तीफे के बाद 35 साल की उम्र में वे झारखंड के मुख्यमंत्री बने, जो उस दौर में देश के सबसे युवा मुख्यमंत्रियों में एक बड़ा कीर्तिमान था। उनके परिवार में पत्नी मीरा मुंडा और तीन बेटे हैं।