टाटानगर-आसनसोल-आद्रा रूट पर सफर करने वाले ध्यान दें; 1 नवंबर तक ये ट्रेनें रहेंगी कैंसिल, रूट भी बदले
दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक पटरियों, ओवरहेड बिजली और सिग्नलिंग सिस्टम के मरम्मत कार्य व ट्रैक पर स्टील गर्डर चढ़ाने के कारण रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित रहेगा। इस दौरान टाटानगर से गुजरने और यहां से खुलने वाली कई ट्रेनों को रद्द करने के साथ-साथ कुछ के मार्ग और समय में बड़ा बदलाव किया गया है।
रेलवे प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, आसनसोल-आद्रा (60046/68045) और आसनसोल-पुरुलिया (63594/63593) मेमू 27, 29 व 31 अक्टूबर को नहीं चलेंगी, जबकि झाड़ग्राम-पुरुलिया (68023/69024) 26 अक्टूबर को रद्द रहेगी। आद्रा-विष्णुपुर (68077/68078) 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक पूरी तरह बंद रहेगी और आद्रा-मिदनापुर मेमू (60090/60089) 27, 30, 31 अक्टूबर व 1 नवंबर को रद्द रहेगी।
शॉर्ट टर्मिनेशन की बात करें तो टाटानगर-आसनसोल मेमू (68055/68056) 26 अक्टूबर को सिर्फ पुरुलिया तक ही जाएगी। इसी तरह आद्रा-बांकुड़ा मेमू (68053/68054) 27, 29 व 31 अक्टूबर को पुरुलिया तक और टाटानगर-आसनसोल-बांकुड़ा (68056/68060) इन्हीं तारीखों पर सिर्फ आद्रा तक ही चलेगी। आसनसोल-पुरुलिया मेमू (63594/63593) 26, 29, 30 अक्टूबर व 1 नवंबर को आद्रा तक सीमित रहेगी, वहीं गोमो-खड़गपुर एक्सप्रेस (18024/18023) 27, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को आद्रा तक ही जाएगी। रूट डाइवर्जन और रीशेड्यूलिंग के तहत टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस (18601) को 26 अक्टूबर को चांडिल, पुरुलिया, कोटशिला और मूरी के रास्ते चलाया गया।
इसके अलावा हटिया-खड़गपुर (18036) 26 से 31 अक्टूबर तक 2 घंटे की देरी से और खड़गपुर-हटिया (18035) 26 व 29 अक्टूबर को 1 घंटे की देरी से रवाना होगी। बक्सर-टाटानगर एक्सप्रेस (18184) भी 27, 29 और 31 अक्टूबर को 45 से 60 मिनट की देरी से चल सकती है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन निकलने से पहले एनटीईएस (NTES) या हेल्पलाइन नंबर पर अपनी ट्रेन का लाइव स्टेटस जरूर चेक कर लें ताकि अचानक ट्रेन कैंसिल या लेट होने पर किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।