40 साल से घर में रखी थी मौत, फिर अचानक 75 साल के बुजुर्ग की ले ली जान

40 साल से घर में रखी थी मौत, फिर अचानक 75 साल के बुजुर्ग की ले ली जान

झारखंड के पलामू जिले से एक दर्दनाक और सनसनीखेज हादसे की खबर सामने आई है। जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत नावाडीह हुटार गांव में शनिवार देर रात एक अवैध भरठुवा (देशी) बंदूक की सफाई करने के दौरान अचानक गोली चल गई। इस हादसे में बंदूक की गोली सीधे 75 वर्षीय बुजुर्ग के सीने में जा लगी, जिससे उनकी मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और रविवार सुबह शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

40 साल पुरानी अवैध भरठुवा बंदूक बनी काल

मृतक की पहचान नावाडीह हुटार गांव निवासी 75 वर्षीय श्याम लाल भुइयां के रूप में हुई है, जो पेशे से बढ़ई मिस्त्री का काम करते थे। मृतक के बेटे वीरेंद्र भुइयां ने बताया कि उसके पिता के पास यह अवैध भरठुवा बंदूक 40 साल से भी अधिक समय से घर में रखी हुई थी। उसके जन्म से पहले ही यह बंदूक घर में मौजूद थी, हालांकि उसके पिता यह बंदूक कहां से लाए थे, इसकी जानकारी परिवार में किसी को नहीं है। पुराने समय में उसके पिता कभी-कभार इस बंदूक से जंगली जानवरों का शिकार किया करते थे।

सीने में लगी बारूद से भरी गोली: सफाई करते वक्त हुआ बड़ा हादसा

परिजनों के अनुसार, बंदूक में पहले से ही बारूद भरा हुआ था। शनिवार रात श्याम लाल भुइयां कमरे में बैठकर उसी बंदूक की सफाई और रखरखाव कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रिगर दबने या घर्षण होने से बंदूक से फायर हो गया। गोली सीधे श्याम लाल के सीने को चीरती हुई निकल गई। गोली की तेज आवाज सुनकर घर के लोग दौड़े, लेकिन तब तक श्याम लाल दम तोड़ चुके थे।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा: रामगढ़ पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस रविवार सुबह करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित नावाडीह हुटार गांव पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पंचनामा कर मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) मेदिनीनगर भेज दिया। घटना के बाद से ही गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।

मामले की जानकारी देते हुए रामगढ़ थाना प्रभारी ओमप्रकाश शाह ने बताया कि पुलिस को गांव में भरठुवा बंदूक से गोली चलने और एक बुजुर्ग की मौत होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने बताया कि अवैध बंदूक की सफाई के दौरान यह हादसा हुआ है। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस मामले के हर कानूनी और आपराधिक पहलू की गहन जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Latest Posts