दुकान का शटर गिराया, 50 हजार लूटे और चला दी गोली; घायल व्यापारी ने पलट दिया पूरा खेल

दुकान का शटर गिराया, 50 हजार लूटे और चला दी गोली; घायल व्यापारी ने पलट दिया पूरा खेल

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में बेखौफ अपराधियों ने लूटपाट की एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। मनोहरपुर थाना क्षेत्र के सिमीरता गांव में शनिवार देर रात नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने एक बर्तन व्यापारी की दुकान में घुसकर 50 हजार रुपये की नकदी लूट ली और विरोध करने पर व्यापारी के पेट में गोली मार दी।

गोली लगने से लहूलुहान होने के बावजूद व्यापारी और उनके साथियों ने अदम्य साहस दिखाते हुए एक अपराधी को मौके पर ही धर दबोचा। घायल व्यापारी की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी 39 वर्षीय सुरजीत दास के रूप में हुई है, जो अपने साले संजय दास और साथी कृष्णा प्रामाणिक के साथ गांव में किराए की दुकान लेकर बर्तन का कारोबार संचालित करते हैं।

शटर गिराकर तान दिया हथियार, 50 हजार लूटे और दाग दी गोली

स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित के साथियों से मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात जब दुकान बंद करने की तैयारी चल रही थी, तभी दो नकाबपोश बदमाश अचानक अंदर घुस आए। आते ही अपराधियों ने दुकान का शटर नीचे गिरा दिया ताकि बाहर किसी को भनक न लग सके। इसके बाद बदमाशों ने हथियार के बल पर दुकान में रखे करीब 50 हजार रुपये नकद लूट लिए। जब सुरजीत दास ने इस डकैती का कड़ा विरोध किया, तो एक अपराधी ने बिल्कुल नजदीक से उनके पेट में गोली मार दी।

गोली लगने के बाद भी नहीं छोड़ी हिम्मत, एक अपराधी को दबोचा

गोली लगने से गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद सुरजीत दास, उनके साले संजय और साथी कृष्णा प्रामाणिक ने हिम्मत नहीं हारी। तीनों ने मिलकर भागने की कोशिश कर रहे एक नकाबपोश लुटेरे को दबोच लिया और शोर मचा दिया। हालांकि, दूसरा अपराधी लूटी गई 50 हजार रुपये की रकम लेकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकलने में सफल रहा। चीख-पुकार और गोली की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपी को रस्सियों से बांध दिया और घटना की सूचना फौरन स्थानीय पुलिस को दी।

मौके से पिस्तौल व मैगजीन बरामद, अस्पताल में भर्ती घायल व्यापारी

सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों के कब्जे से घायल अवस्था में पकड़े गए आरोपी को अपने नियंत्रण में लिया। पुलिस ने वारदात स्थल से एक अवैध पिस्तौल और मैगजीन भी बरामद की है। पुलिस टीम ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल सुरजीत दास और चोटिल आरोपी दोनों को नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया है, जहां सुरजीत की हालत नाजुक बनी हुई है।