दुर्गा पूजा पर आधी रात सड़कों पर उतरे रांची SSP: पंडालों में सुरक्षा और ट्रैफिक का लिया जायजा, शांति समिति से चर्चा

दुर्गा पूजा पर आधी रात सड़कों पर उतरे रांची SSP: पंडालों में सुरक्षा और ट्रैफिक का लिया जायजा, शांति समिति से चर्चा

राजधानी रांची में शारदीय दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने रविवार देर रात से लेकर सोमवार तड़के तक शहर के विभिन्न प्रमुख पूजा पंडालों का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने संवेदनशील इलाकों, सुरक्षा घेरे, आपातकालीन निकास मार्गों और ट्रैफिक मैनेजमेंट की जमीनी हकीकत परखी। एसएसपी के साथ नगर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, यातायात पुलिस अधीक्षक और कोतवाली अपर पुलिस अधीक्षक समेत कई आला अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने पंडालों के आसपास सुरक्षा बलों की तैनाती का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने स्थानीय नागरिकों और शांति समिति के सदस्यों के साथ मौके पर ही बैठकें कीं। उन्होंने पूजा आयोजकों और स्थानीय प्रतिनिधियों से तैयारियों, क्षेत्र के माहौल और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सीधा संवाद किया।

श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन को लेकर उन्होंने रूट लाइन, मजबूत बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थलों और डायवर्जन प्लान की बारीकी से समीक्षा की, ताकि भीड़भाड़ के समय सड़कों पर जाम की स्थिति न बने और आम लोगों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। रांची पुलिस ने सभी नागरिकों से दुर्गा पूजा का महापर्व आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील करते हुए ट्रैफिक नियमों का पालन करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया है।