दीवार काटकर घुसे चोर, 2 किलो चांदी और 5 लाख का माल पार; DVR भी उखाड़ ले गए शातिर!

दीवार काटकर घुसे चोर, 2 किलो चांदी और 5 लाख का माल पार; DVR भी उखाड़ ले गए शातिर!

बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत लाल बिल्डिंग चौक पर चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी कर सनसनी फैला दी। शातिर चोर श्री दुर्गा ज्वेलर्स की पिछली दीवार काटकर अंदर घुसे और तिजोरी व शोकेस में रखे करीब दो किलोग्राम से अधिक चांदी के जेवरात सहित अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।

चोरी गए आभूषणों और नकदी की कुल कीमत लगभग पांच लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस की जांच से बचने और अपनी पहचान छिपाने के लिए चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर (DVR) भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। सोमवार सुबह जब दुकान खुली, तब इस बड़ी वारदात की जानकारी सामने आई।

दुकानदार रुद्रदेव कुमार वर्मा रविवार दोपहर को दुकान बंद करके अपने घर चले गए थे। सोमवार सुबह करीब 10 बजे जब वे दुकान खोलने पहुंचे और शटर उठाया, तो अंदर का सारा सामान अस्त-व्यस्त और फर्श पर बिखरा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो दुकान की पिछली दीवार टूटी हुई थी।

दीवार में सेंधमारी देखकर उनके होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत बागबेड़ा थाने को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और तकनीकी साक्ष्य जुटाने शुरू किए। पुलिस आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि दीवार काटने वाले गिरोह की गतिविधियों का पता लगाकर जल्द से जल्द आरोपियों को दबोचा जा सके।