कोडरमा में जंगली हाथियों का तांडव, 3 गांवों में मचाई तबाही, 1 साल में 12 से ज्यादा मौतें; वन विभाग बेबस

कोडरमा में जंगली हाथियों का तांडव, 3 गांवों में मचाई तबाही, 1 साल में 12 से ज्यादा मौतें; वन विभाग बेबस

झारखंड के कोडरमा जिले में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे ग्रामीण इलाकों में भारी दहशत का माहौल है। पिछले एक वर्ष के दौरान हाथियों के हिंसक हमलों में 12 से अधिक ग्रामीण अपनी जान गंवा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद वन विभाग हाथियों के आतंक पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रहा है। ताजा मामला नवलशाही थाना क्षेत्र के पोलवाबर व देवीपुर तथा मरकच्चो थाना क्षेत्र के पपलो गांव का है, जहां हाथियों के झुंड ने जमकर तबाही मचाई।

पोलवाबर में घर तोड़ा, 8 क्विंटल अनाज चट कर गए हाथी

स्थानीय निवासियों से मिली जानकारी के मुताबिक, नवलशाही थाना क्षेत्र के पोलवाबर गांव में शुक्रवार रात हाथियों के एक झुंड ने अचानक हमला बोल दिया। हाथियों ने गांव के निवासी श्रीलाल टुडू के कच्चे मकान को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इतना ही नहीं, झुंड ने घर के अंदर रखा लगभग चार क्विंटल चावल और चार क्विंटल महुआ भी सफाचट कर दिया। गनीमत यह रही कि हमला होते ही गृहस्वामी ने सूझबूझ दिखाई और किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।

देवीपुर और पपलो गांव में फसलों को रौंदा, मकान और मोरही की तहस-नहस

हाथियों के इस दल ने इसके बाद देवीपुर गांव में धावा बोला, जहां एक ग्रामीण की पक्की बाउंड्री वॉल तोड़ दी गई और खेतों में लहलहा रही फसलों को पूरी तरह रौंद दिया। इसके बाद मरकच्चो थाना क्षेत्र के पपलो गांव पहुंचे हाथियों ने एक और मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा वहां रखी धान की मोरही को पूरी तरह से नष्ट कर दिया। गांवों में हाथियों की धमक से पूरे इलाके में चीख-पुकार और दहशत का माहौल बन गया। रात भर महिलाएं व बच्चे घरों में दुबके रहे, वहीं पुरुष ग्रामीण टॉर्च और लाठियों के सहारे रात भर पहरा देने को मजबूर हुए।

Latest Posts